🏏
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से टी20 सीरीज शुरू हो रही है, जिसकी मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा है लेकिन इस सीरीज का आयोजन भारत में ही नई दिल्ली में किया जा रहा है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच कुछ ही दिनों में टी20 सीरीज शुरू होने वाली है. ये अपने तरह की पहली सीरीज है, जिसमें टीम इंडिया अपने ही देश में मेहमान के रूप में खेलेगी. सीरीज का आयोजन नई दिल्ली में होना है लेकिन इसकी मेजबानी अफगानिस्तान के हाथों में हैं. भारत की ओर से मिले इस सहयोग के बावजूद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने एक ऐसी हरकत की है, जिसने फैंस को भड़का दिया है. सीरीज के प्रमोशन के लिए बनाए एक वीडियो में अफगान बोर्ड ने भारत का गलत नक्शा दिखाया है, जिस पर बवाल मच गया है.
प्रमोशनल वीडियो में गलत नक्शा
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से आयोजित हो रही ये टी20 सीरीज 13 सितंबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी. इस सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से एक प्रमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया. इसमें दोनों देशों की विरासत, खासियतों और कुछ ऐतिहासिक शहरों की झलकियां दिखाई हैं. वीडियो के आखिरी हिस्से में पहले अफगानिस्तान और फिर भारत का नक्शा दिखाया गया है और इस पर ही सवाल उठ रहे हैं.
A series the nation has been eagerly awaiting. 🤩
A series that will once again bring together two nations with deep-rooted history, culture, and a shared passion for the game.🤜🤛
These are more than just matches. They are encounters of passion, excitement, and significance, pic.twitter.com/Q8h7MYX1yf
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) September 6, 2026
असल में इसमें भारत के नक्शे को दो अलग-अलग तरह से दिखाया गया है. सबसे पहले जब भारतीय नक्शा दिखाया है तो उसमें पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को भारत का ही हिस्सा दिखाया गया है. मगर अगले ही सेकेंड में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को नक्शे से हटा दिया गया है, जिस पर बवाल मच गया है. इतना ही नहीं, शुरुआत में भी जो पूरा नक्शा दिखाया गया है, उसे भी जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और PoK के तौर पर 3 हिस्सों में बांटा हुआ दिखाया गया है.
Wrong India Map Afghan Video
ACB के वीडियो में भारत का गलत नक्शा (Video Screenshot)
वीडियो हटाने की मांग कर रहे भारतीय फैंस
इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही भारतीय फैंस ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पोस्ट पर अपनी आपत्ति, नाराजगी और गुस्से का इजहार किया है. भारतीय फैंस ने इसे बदलने की मांग की है. हालांकि, इस पोस्ट के 24 घंटे से भी ज्यादा वक्त गुजरने के बावजूद ACB ने इसे हटाया नहीं है. ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) या भारत सरकार इस मुद्दे को अफगान अधिकारियों के सामने उठाते हैं या नहीं.

















