🏏
दुबई: वूमेंस एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर अपनी धीमी बल्लेबाजी को लेकर क्रिकेट फैंस के निशाने पर आ गईं। इस अहम नॉकआउट मैच में जहां टीम को बड़े स्कोर की तलाश थी वहीं कप्तान की सुस्त शुरुआत सोशल मीडिया पर चर्चा का मुख्य केंद्र बन गई। एक वक्त स्थिति यह थी कि हरमनप्रीत 15 गेंदों का सामना करने के बाद महज 3 रन बनाकर संघर्ष कर रही थीं जिसके बाद फैंस ने उनके स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
हरमनप्रीत ने खेली बेहद धीमी पारी
मिडल ओवरों में लगातार विकेट गिरने के बाद भारतीय पारी को संभालने की जिम्मेदारी हरमनप्रीत पर थी, लेकिन उनकी सतर्क और रक्षात्मक रणनीति ने दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। फैंस और विश्लेषकों का मानना था कि एक नॉकआउट मुकाबले में इस तरह की धीमी शुरुआत से टीम की रन गति बुरी तरह प्रभावित हुई। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने हाथ खोले और 28 गेंदों में 24 रनों का योगदान देकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की लेकिन शुरुआती गेंदों में उनकी सुस्ती की वजह से सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना हुई।
खराब रिकॉर्ड भी हुआ नाम
अपनी इस पारी के दौरान हरमनप्रीत कौर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय महिला क्रिकेट के एक बेहद अनचाहे रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज करा लिया। टी20आई पारी की शुरुआती 15 गेंदों में सबसे कम रन बनाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाजों की सूची में अब दो जगह हरमनप्रीत का ही नाम दर्ज है।
पहली 15 गेंदों पर सबसे कम रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज
1 रन* – हरमनप्रीत कौर बनाम पाकिस्तान (दिल्ली, 2016)
2 रन* – मिताली राज बनाम पाकिस्तान (दिल्ली, 2016)
3 रन* – पूनम राउत बनाम ऑस्ट्रेलिया (ग्रोस आइलेट, 2010)
3 रन* – मानसी जोशी बनाम दक्षिण अफ्रीका (सूरत, 2019)
3 रन* – हरमनप्रीत कौर बनाम बांग्लादेश (दुबई, 2026)
शेफाली वर्मा की पारी आई काम
मैच की बात करें तो भारतीय पारी का असली आकर्षण ओपनिंग बल्लेबाज शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने 64 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। शेफाली की तेजतर्रार बल्लेबाजी के दम पर ही भारतीय टीम रन गति को बनाए रखने में कामयाब रही। उनके अलावा ऋचा घोष और प्रितिका रावल ने भी उपयोगी योगदान दिया जबकि हरमनप्रीत के अंतिम क्षणों के रनों ने भारत को निर्धारित 20 ओवरों में 149/6 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।


















