छत्तीसगढ़ में बीमा कंपनी की 25 वर्षीय महिला कर्मचारी के साथ दरिंदगी.! दिवाली से पहले पॉलिसी लेने का दिया झांसा और लॉज में ले जाकर दुष्कर्म, फिर..

🇮🇳

Chhattisgarh Crime News/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बीमा कंपनी की 25 वर्षीय महिला कर्मचारी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चालक ने पहले ग्राहक बनकर युवती से संपर्क किया और फिर बीमा पॉलिसी खरीदने के बहाने उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, लॉज संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, कोरबा की रहने वाली 25 वर्षीय युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। उसका काम लोगों से संपर्क कर उन्हें बीमा पॉलिसी की जानकारी देना और ग्राहक बनाना है। बताया गया कि 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा बाइक लेकर पहुंचा और युवती को रेलवे स्टेशन छोड़ा। सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए। बातचीत में युवती ने उसे बताया कि वह बीमा कंपनी में काम करती है और लोगों को अलग-अलग पॉलिसी के प्लान समझाती है।

बीमा पॉलिसी लेने का झांसा देकर लॉज ले गया हालांकि युवती ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को रैपिडो चालक अभिषेक ने उसे फोन कर बुलाया। मिलने पर युवती ने उसे बीमा पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। इस दौरान युवक ने दिवाली से पहले पॉलिसी खरीदने की बात कही। उसने प्लान को अच्छी तरह समझने के लिए आसपास शोरगुल होने का हवाला दिया और किसी शांत जगह पर चलकर बातचीत करने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि युवती उसकी बातों में आ गई और उसके साथ चली गई। इसके बाद आरोपी उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां कमरे में बातचीत के दौरान युवक ने दरवाजा बंद कर दिया और युवती के साथ जबरदस्ती की। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और वहां से भाग निकला।


आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, युवती की शिकायत पर आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पूछताछ में पता चला कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

लॉज संचालक को नोटिस जारी करने की तैयारी
दरअसल इस मामले में लॉज संचालक की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में है। थाना प्रभारी सनिप रात्रे के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि लॉज संचालक ने उससे पहचान पत्र लिया था, लेकिन आरोपी से कोई पहचान पत्र जमा नहीं कराया गया। आरोपी को कमरा नंबर 124 की चाबी दे दी गई थी।

फिलहाल पुलिस पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि युवक स्थानीय निवासी था, इसलिए उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस अब इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए लॉज संचालक को नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment