👇
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को शराब घोटाले में बरी कर दिया है। कोर्ट के फैसले के बाद केजरीवाल ने कहा, “आखिर में अधर्म और अन्याय हारता है और सच ही जीतता है।” इसके बाद से केजरीवाल और सिसोदिया अपने समर्थकों के साथ रोड शो किया।
वहीं, आप दफ्तर पहुंचने के बाद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, आज बहुत ऐतिहासिक जीत हुई। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए षद्यंत्र रचा गया था। लेकिन आज जज साहब ने बहुत हिम्मत दिखाई। साबित हो गया कि केजरीवाल बहुत कट्टर ईमानदार है।’
मैं कोई नेता नहीं…
केजरीवाल ने आगे कहा, ‘मैं कोई नेता नहीं, मैंने सिर्फ ईमानदारी कमाई। बीजेपी वालों नें मेरे पीछे ED-CBI और पुलिस को लगा दिया गया था। मैं जब जेल में था तो मेरी मां बीमार थी। मेरे परिवार ने बहुत कुछ भुगता है।’
वहीं उन्होंने मोदी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो दोबारा चुनाव करवाओ। आज कोर्ट को यह तय करना था कि मुकदमा चलाने के लिए काफी सबूत और गवाह हैं या नहीं।
‘कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया’
वहीं, केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट ने 600 पेज की चार्जशीट देखी और पाया कि मुकदमा चलाने के लिए कोई सबूत या गवाह काफ़ी नहीं हैं। कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया, जिसमें कहा गया कि केस इतना मनगढ़ंत है कि मुकदमा चलाने के लिए एक भी सबूत नहीं है।
‘नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने रचा पूरा षड्यंत्र’
हालांकि, केजरीवाल ने कहा कि यह पूरा षड्यंत्र नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने रचा। दोनों को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। दोनों ने मिलकर षड्यंत्र रचा कि आप को बर्बाद और खत्म किया जाए। सबसे घिनौना षड्यंत्र रचा। वह देख रहे थे कि दिल्ली में मुझे नहीं हरा सकते । काम की राजनीति में हमारे सामने खड़े नहीं हो सकते इसलिए यह षड्यंत्र रचा। जनता जानती है कि केजरीवाल और आप ईमानदार है। इस कारण दोनों ने आप की ईमानदारी पर प्रहार कर उसे बेईमान बताने का षड्यंत्र किया।
वहीं उन्होंने कहा, “मैंने जीवन में पैसा नहीं सिर्फ इज्जत और ईमानदारी कमाई है। इसलिए उन्होंने हमारी ईमानदारी पर चोट किया है। कोर्ट के फैसले से साबित हो गया है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है। संजय सिंह, दुर्गेश पाठक कट्टर ईमानदार है।”
दरअसल पूर्व सीएम ने कहा, ‘लोग कहते थे कि जेल से आने के बाद केजरीवाल कहां गायब है। मैं कोई नेता नहीं हूं। मेरी चमड़ी मोटी नहीं है। मैं चाहता था कि कोर्ट से मैं दुनिया के सामने निर्दोष साबित हो जाऊं। आज मेरे ऊपर से बोझ हट गया।’
फिलहाल, 27 फरवरी, 2026 आम आदमी पार्टी के लिए एक अहम दिन है, जो भ्रष्टाचार से लड़कर सत्ता में आई और फिर भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण सत्ता से बाहर हो गई। आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले से जुड़े CBI केस में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 लोगों को बरी कर दिया।










