👇
Ramakrishna Paramahansa Quote In Hindi: क्या आप भी सफलता और लोगों के पीछे भाग-भागकर थक गए हैं? 19वीं सदी के महान संत रामकृष्ण परमहंस ने एक ऐसा सूत्र दिया था, जो आज के ‘दिखावे’ और ‘सोशल मीडिया’ के दौर में सबसे ज्यादा जरूरी है। कैसे? आइए जानते हैं।
आज के दौर में हम एक ऐसी दुनिया में जी रहे हैं, जहां ‘दिखना’ ‘होने’ से ज्यादा जरूरी हो गया है। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की होड़ हो या करियर में आगे बढ़ने की जल्दबाजी… हम सब दूसरों का ध्यान खींचने के लिए शोर मचा रहे हैं। लेकिन, 19वीं सदी के महान संत रामकृष्ण परमहंस ने एक बहुत ही सरल लेकिन गहरी बात कही थी, जो आज की मार्केटिंग और पीआर की दुनिया को एक आईना दिखाती है।
जब फूल खिलता है, तो मधुमक्खियां बिना बुलाए आ जाती हैं।
आइए, इस एक वाक्य के जरिए जीवन जीने की कला को समझते हैं।
इस विचार का गहरा अर्थ
रामकृष्ण परमहंस का यह कथन केवल एक मुहावरा नहीं, बल्कि सफलता का मूल मंत्र है। यहां ‘फूल’ का अर्थ है- आपके चरित्र, आपके ज्ञान, आपकी प्रतिभा और आपकी पवित्रता से है। और ‘मधुमक्खियों’ का अर्थ है- सफलता, अवसर, लोग और सम्मान।
रामकृष्ण कहना चाहते थे कि खुशबू कभी निमंत्रण पत्र नहीं भेजती। जब एक फूल पूरी तरह खिल जाता है, तो उसमें शहद (गुण) अपने आप भर जात है। उस शहद की तलाश में मधुमक्खियां मीलों दूर से अपने आप चली आती हैं।
सीख: अगर आप अपने भीतर गुणों को विकसित कर लेंगे, तो आपको दुनिया के पीछे भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी, दुनिया आपके पास आएगी।
रामकृष्ण परमहंस: वो संत जिन्होंने इसे जिया
रामकृष्ण परमहंस (1836-1886) कोई साधारण विद्वान नहीं थे। उन्होंने मोटी-मोटी किताबें नहीं पढ़ी थीं, लेकिन उनका ज्ञान अनुभव की भट्टी में तपकर निकला था। वे दक्षिणेश्वर काली मंदिर के एक साधारण पुजारी थे, लेकिन उनकी दिव्यता और सरलता इतनी खास थी कि उस समय के महान बुद्धिजीवी (जैसे केशव चंद्र सेन और बाद में स्वामी विवेकानंद) खुद-ब-खुद उनके पास खिंचे चले आए। उन्होंने कभी प्रचार नहीं किया, कभी अपना ‘आश्रम’ प्रमोट नहीं किया। वे बस भक्ति में ‘खिले’ रहे, और नरेंद्रनाथ (विवेकानंद) जैसी विद्वान उन तक पहुंच गए, जिन्होंने उनके संदेश को पूरी दुनिया में फैलाया।
आज के दौर में यह क्यों जरूरी है?
2026 में, जब हम Attention Economy में जी रहे हैं, यह विचार और भी प्रासंगिक हो गया है। आज हर कोई वायरल होना चाहता है। लोग कंटेंट की क्वालिटी (फूल के खिलने) पर ध्यान देने के बजाय, एल्गोरिदम (मधुमक्खियों को जबरदस्ती बुलाने) पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
हम नेटवर्किंग के पीछे भागते हैं, लोगों से जुड़ने की कोशिश करते हैं, जबकि हम खुद काबिल नहीं बने होते। रामकृष्ण का यह विचार हमें ठहराव देता है। यह बताता है कि FOMO यानी Fear Of Missing Out छोड़ो और खुद को बेहतर बनाने (JOMO – Joy Of Missing Out) पर काम करो। जब आप अपने क्षेत्र में माहिर हो जाएंगे, तो सफलता झक मारकर आपके पीछे आएगी।
इसे अपने जीवन में कैसे उतारें?
इस अध्यात्मिक सूत्र को आप अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में कैसे लागू कर सकते हैं?
खुद पर काम करें: चाहे आप छात्र हों, लेखक हों या कॉर्पोरेट कर्मचारी—बाहरी दुनिया को प्रभावित करने के बजाय अपनी स्किल को मास्टर करने में समय लगाएं।
धैर्य रखें: फूल एक रात में नहीं खिलता। कली से फूल बनने में समय लगता है। अगर परिणाम तुरंत नहीं मिल रहे, तो घबराएं नहीं। अपनी जड़ों (तैयारी) को मजबूत करें।
मौन की शक्ति: अपनी उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटना बंद करें। अपने काम को इतना बेहतरीन बनाएं कि आपका काम बोले, आप नहीं।
रामकृष्ण की विरासत
रामकृष्ण परमहंस का जीवन इस बात का प्रमाण है कि सत्य को विज्ञापनों की जरूरत नहीं होती। उन्होंने दक्षिणेश्वर के एक छोटे से कमरे में बैठकर पूरी दुनिया को प्रभावित किया। उनकी विरासत हमें सिखाती है कि यदि आपकी आत्मा शुद्ध है और उद्देश्य निस्वार्थ है, तो ब्रह्मांड की सारी शक्तियां आपकी मदद के लिए आ जाएंगी।










