👇
Chhattisgarh News/गरियाबंद. जिला मुख्यालय के आसपास एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिल रही है. कोदोबतर के चट्टानपारा इलाके में गुरुवार रात तेंदुए ने एक 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया. वह पड़ोस के घर से टीवी देखकर लौट रहा था. तेंदुआ बच्चे को पकड़ कर जंगल ले जा रहा था. राहत की बात रही कि बच्चे के चिल्लाने पर परिजनों ने किसी तरह उसे तेंदुए से छुड़ा लिया. फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.
गर्दन दबोचकर ले जा रहा था तेंदुआ
जानकारी के मुताबिक, चट्टानपारा निवासी धनेश कुमार रात में पड़ोस के घर से टीवी देखकर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसकी गर्दन दबोच ली. बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे. बच्चे को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाने परिजन भीड़ गए और किसी तरह सफलता पाई.
वहीं, तेंदुए के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. गर्दन और शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं. उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है.
दरअसल, घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में अक्सर जंगल से निकलकर तेंदुए आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं. गरियाबंद मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर की परिधि में हर साल तेंदुओं की आमदरफ्त देखी जाती है, जिससे जनहानि की आशंका बनी रहती है.
तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने ट्रैप कैमरे
फिलहाल, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं. वन अमला गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है. रेंजर प्रांजली मिश्रा ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है. ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही गांव में विभाग द्वारा मुनादी कराई जा रही है.


















