CG Fraud : शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म का प्रयास,धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला.. आरोपी गिरफ़्तार..पढ़ें पूरी समाचार

.

Chhattisgarh News/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में विधवा महिला से दुष्कर्म के प्रयास, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताकर महिला से शादी का झांसा दिया और फिर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर चार लाख रुपये की वसूली की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

ज्ञात हो कि, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 500/2025 के तहत आरोपी प्रशांत मंडल पिता प्रदीप मंडल, उम्र 31 वर्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 62, 64, 308(2), 351(3) एवं 308(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी का मूल निवास मकान नंबर 215, कृष्णा नगर अलीपुर मोरना, थाना हस्तिनापुर, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया गया है, जबकि वर्तमान पता कृष्णा कुंज कॉलोनी, 121 एफ-34, फेस-3, थाना सेक्टर-113, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), उत्तर प्रदेश है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 8 दिसंबर 2025 को थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। महिला ने बताया कि उसकी पहचान आरोपी से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताया और जल्द ही परिवार से मिलकर शादी की बात करने का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के आधार पर दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई।

वहीं पीड़िता के अनुसार, आरोपी 7 जून 2025 को रायपुर आया और उसे एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। होटल में बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया और किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकली। इसके बाद आरोपी ने फोन कर महिला की तस्वीरें वायरल करने और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने धमकी और ब्लैकमेलिंग के जरिए किस्तों में कुल 4 लाख रुपये महिला से वसूल लिए।


दरअसल, मानसिक प्रताड़ना और भय के चलते महिला काफी समय तक चुप रही, लेकिन अंततः साहस जुटाकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई की गई। साइबर सेल रायपुर की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और लोकेशन प्राप्त की गई। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर नोएडा- दिल्ली रवाना किया गया। पुलिस टीम ने थाना सेक्टर-113, नोएडा की सहायता से 20 जनवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया।

फिलहाल,  इसके पश्चात ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को रायपुर लाया गया और माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस पूरे ऑपरेशन में थाना पुरानी बस्ती के निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उपनिरीक्षक जगदंबा तिवारी, आरक्षक 2726 के. मनोज कुमार, आरक्षक 1672 जितेंद्र साहू और आरक्षक 90 रामकृष्ण ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट्स पर किसी भी व्यक्ति पर आंख बंद कर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। यह मामला एक बार फिर डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment