CG News : कांग्रेस केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उठाएगी आवाज..मनरेगा मुद्दे पर निकालेगी 5 किमी की पदयात्रा..पढ़ें पूरी ख़बर

.

Chhattisgarh News/तखतपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में मनरेगा योजना के नाम परिवर्तन और केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय हिस्सेदारी 90:10 से घटाकर 60:40 किए जाने के विरोध में कांग्रेस विशाल पदयात्रा का आयोजन तखतपुर क्षेत्र में करने जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार के इस फैसले से मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना कमजोर होगी, जिसका सीधा असर गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण वर्ग पर पड़ेगा।

वहीं, यह पदयात्रा तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जोरापारा से प्रारंभ होकर मोछ, खैरी होते हुए गिरधौना तक निकाली जाएगी। लगभग 5 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे और मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर विरोध दर्ज कराएंगे।

दरअसल, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण रोजगार, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा की रीढ़ है। इसके नाम में परिवर्तन और वित्तीय हिस्सेदारी घटाने से राज्यों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे मजदूरों को मिलने वाले रोजगार और समय पर भुगतान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस पार्टी इस निर्णय को अन्यायपूर्ण बताते हुए किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।


फिलहाल, इस कार्यक्रम की जानकारी प्रदेश सचिव आत्मजीत सिंह मक्कड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (तखतपुर ग्रामीण) अभ्युदय ‘जित्तू’ तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (सकरी) अमित साहू और नगर कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र निर्मलकर ने संयुक्त रूप से दी। कांग्रेस नेताओं ने अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों, मनरेगा श्रमिकों और आम नागरिकों से पदयात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल विरोध नहीं, बल्कि गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के हक की निर्णायक लड़ाई है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment