CG News : इंद्रावती नदी में मिली स्टाफ नर्स की लाश..मानसिक तनाव में आकर सुसाइड करने आशंका..पढ़ें पूरी ख़बर

जन जन तक संदेश न्यूज़/गजाधर पैंकरा

Chhattisgarh News/जगदलपुर। शहर की इंद्रावती नदी से दो दिन पूर्व मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान कर ली गई है। मृतका की पहचान पथरागुड़ा निवासी संगीता कश्यप (32 वर्ष) के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं, परिजनों के अनुसार संगीता ने नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ वर्षों तक मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) में स्टाफ नर्स के रूप में कार्य किया था। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। परिजनों का कहना है कि वह बीते कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं।

दरअसल, जानकारी के अनुसार 11 जनवरी की दोपहर संगीता घर से पैदल निकलने की बात कहकर गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी दौरान पुलिस द्वारा इंद्रावती नदी में लापता युवक की तलाश के दौरान एक महिला का शव बरामद किया गया था। जब परिजन कोतवाली थाना पहुंचे, तब उन्हें महिला का शव मिलने की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजनों ने शव की पहचान संगीता कश्यप के रूप में की।

फिलहाल, परिजनों ने बताया कि संगीता चार बहनों और एक भाई में से एक थीं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की एक अन्य सदस्य नानगुर में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment