मैनपाट में जमकर गिरे ओले.! सड़कों-खेतों में बिछी सफेद चादर..3 दिनों तक बारिश और ओले गिरने का पूर्वानुमान..देखें Video

👇

Ambikapur (Surguja) News : सरगुजा जिले के मैनपाट में मंगलवार रात जमकर ओले गिरे। करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि से सड़क से लेकर मैदानों तक ओलों की सफेद चादर बिछ गई। मैनपाट सहित सीतापुर और आसपास के इलाकों में छिटपुट ओले गिरे, बारिश हुई। आगामी तीन दिनों तक सरगुजा संभाग में बारिश और ओले गिरने का पूर्वानुमान है।



हालांकि, सरगुजा संभाग में पिछले दो दिनों से घने बादल छाए हुए हैं और बारिश भी हो रही है। सोमवार को सूरजपुर और सरगुजा के उदयपुर इलाके में जमकर बारिश हुई। बलरामपुर के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई। सरगुजा के उदयपुर इलाके में छिटपुट ओले भी गिरे थे। मंगलवार दिन में भी सरगुजा संभाग में कई स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई।

मैनपाट में जमकर गिरे ओले

बता दें कि, मौसम में बदलाव के साथ मैनपाट में देर शाम से तेज हवाएं चल रही थीं और बूंदाबांदी हो रही थी। रात करीब पौने 11 बजे मौसम एकाएक बिगड़ा और तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि में मैनपाट के सड़क, खेत ओलों से ढंक गए। ओलों की सफेद चादर मैनपाट के कई इलाकों में दिखी। हालांकि देर रात होने के कारण लोग घरों में ही रहे।

यहां देखिए वीडियो-




मैनपाट में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे
तीन दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान

ज्ञात हो कि, पूरे संभाग में बादल छाए हुए हैं। हालांकि सुबह से लेकर दोपहर तक अधिकांश इलाकों में तेज धूप भी रही। शाम को मौसम में बदलाव दिखा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिन तक सरगुजा संभाग में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकांश इलाकों में बारिश होगी और कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं।

नवंबर के बाद बारिश, किसानों की चिंता बढ़ी

वहीं, सरगुजा में 3 नवंबर के बाद बारिश दर्ज नहीं हुई थी। मौसम में बदलाव के साथ बारिश हो रही है। जिन इलाकों में ओले गिरे हैं, वहां आम, लीची और महुआ की फसल बर्बाद हो गई है। आम बौरो से लदे हुए हैं और अंबिया आ रही हैं। वहीं महुआ गिरने लगा है। मौसम की मार का सीधा असर महुआ, आम और लीची की फसल पर पड़ेगा। इसके अलावे किसानों के टमाटर की खेती को भी ओलों से नुकसान हो रहा है।

तापमान में भी उतार चढ़ाव

दरअसल, लगातार बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री तक पहुंच गया था। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री एवं मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया है।

फिलहाल, बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया है, जो दो दिन पूर्व दर्ज न्यूनतम तापमान से 2 डिग्री अधिक है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment