🏏
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भारतीय टीम का सामना वेस्टइंडीज से होगा। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जगह पक्की करेगी। ऐसे में कोलकाता में खेला जाने वाला यह मैच दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है। मैच से पहले भारत की प्लेइंग 11 पर बड़ा अपडेट आया है।
6 नंबर पर उतरे थे
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोएस्केट ने तिलक वर्मा के बल्लेबाजी ऑर्डर के बारे में जानकारी दी है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछले मैच में वर्मा को छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया था। उस मैच में उन्होंने शानदार 16 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए थे। वर्मा ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए मात्र 41 गेंदों में 84 रनों की शानदार साझेदारी की।
हमारे पास विकल्प हैं
टेन डोएस्केट ने मैच से पहले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह निश्चित नहीं है कि वह कल पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। अब हमारे पास विकल्प हैं। हमने संजू सैमसन के साथ टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए देखा है। विपक्षी टीम के कॉम्बिनेशन के आधार पर हम बदलाव कर सकते हैं। मुझे लगा कि तिलक लगभग 10 ओवर के बाद बल्लेबाजी करने आकर काफी सहज दिखे। यह उनकी बहुत बड़ी उपलब्धि है।”
लय में आ रहे हैं
भारतीय कोच ने कहा, “उनकी फॉर्म में कोई कमी नहीं आई है। चार सप्ताह तक मैदान से बाहर रहने के बाद धीरे-धीरे लय में आना सामान्य बात है। उन्हें अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में वापस देखना और परिस्थितियों का बखूबी सामना करते देखना बहुत अच्छा लगा। यह जानकर सुकून मिलता है कि हमारे मिडिल ऑर्डर में मजबूत बल्लेबाज हैं। मजबूत शुरुआत और अच्छी पारी का तालमेल भारत की सफलता की कुंजी है। तिलक हमें दोनों रोल में फ्लेक्सिबिलिटी प्रदान करते हैं।”










