
जन जन तक संदेश न्यूज़/गजाधर पैंकरा
दिल्ली: WPL 2026 के आठवें मुकाबले में यूपी वारियर्ज ने मुम्बई इंडियंस को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. गुरुवार को हुए इस मैच में हरलीन देओल ने अपने खेल का जलवा दिखाया और प्लेयर ऑफ़ द मैच बनीं. नवी मुंबई के डॉ डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में हरलीन ने 39 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए, जिसमें 12 चौके शामिल थे. उनके आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया.
लेकिन, सिर्फ एक दिन पहले स्थिति थोड़ी उलझी हुई थी. बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हरलीन को तीन ओवर बाकी रहते रिटायर्ड आउट किया गया था. उस समय वह 36 गेंदों में 47 रन बनाकर अच्छी लय में थीं. टीम ने तब क्लो ट्रायोन को बैटिंग के लिए भेजा.
रिटायर्ड आउट होने पर बोलीं हरलीन
हरलीन ने मैच के बाद बताया कि यह निर्णय टीम के लिए जरूरी था. उन्होंने कहा कि क्लो बड़े शॉट मारने में माहिर हैं और आखिरी ओवरों में मैच का रुख बदल सकती हैं.
हरलीन ने कहा, “कल भी मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रही थी, लेकिन जैसा कि आज देखा, क्लो गेम बदल सकती हैं। इसलिए मैंने उन्हें मौका देने का फैसला किया। यही मेरा नजरिया है.”
ट्रायोन ने दिल्ली के खिलाफ पिछली बार सिर्फ 3 गेंदों में 1 रन बनाया था, लेकिन गुरुवार को उन्होंने अपनी क्षमता दिखाई. 11 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था. उनके इस धमाकेदार प्रदर्शन के चलते यूपी वारियर्ज ने 162 रन का पीछा आसानी से पूरा किया.
इस जीत के साथ यूपी वारियर्ज ने WPL 2026 में जीत का खाता खोला. हालांकि, टीम अभी भी अंक तालिका में सबसे नीचे है. उनके पास केवल 2 अंक हैं और नेट रन रेट -0.906 है.
अब वारियर्ज शनिवार, 17 जनवरी को फिर से मुम्बई इंडियंस से भिड़ेंगे और कोशिश करेंगे कि लगातार दूसरी जीत भी हासिल कर सकें.










