जिले में डीजल चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट और लूट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, करीब 170 लीटर डीजल, नगदी और हथियारनुमा सामान भी बरामद किया है।
मामले के संबंध में हाईवा चालक मुकेश यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक के रूप में कार्य करता है। 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सोया हुआ था।
रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच उसे वाहन के पास हलचल की आवाज सुनाई दी। नीचे उतरकर देखने पर तीन अज्ञात युवक उसके हाईवा से डीजल चोरी करते मिले। चालक के चिल्लाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस आए और मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्होंने वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी की और करीब 175 लीटर डीजल लेकर सफेद रंग की स्कॉर्पियो से सराईडीपा की ओर फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 309(6) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित चालक, स्थानीय ग्रामीणों और मुखबिरों से जानकारी एकत्र कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैलाश दास मंहत, गोविन्द सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (CG 13 AZ 2647) तथा अलग-अलग गैलनों में रखा कुल 170 लीटर डीजल बरामद किया। वहीं आरोपी कैलाश दास मंहत से 500 रुपये नगद और बांस का डंडा, तथा आरोपी गोविन्द सिदार से लोहे का रॉड और प्लास्टिक पाइप जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत (30 वर्ष), गोविन्द सिदार (24 वर्ष) और सुनील यादव (28 वर्ष) तीनों निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार जिला रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को लूट के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। इस दौरान थाना प्रभारी प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक सुरीत सिंदार, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार, शशिभूषण उरांव सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा आरोपियों से स्कॉर्पियो वाहन, 170 लीटर डीजल और 500 रुपये नगद सहित कुल लगभग 10 लाख 15 हजार 980 रुपये का माल जब्त किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े स्थानों पर ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।










