👇
Chhattisgarh News/रायपुर: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार का ऐलान किया है. कांग्रेस की तरफ से वर्तमान राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है. कांग्रेस की तरफ से कुल 4 राज्यसभा सांसद छत्तीसगढ़ से हैं. ये चार सांसद फूलो देवी नेताम, केटीएस तुलसी, राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन हैं. इनमें से फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल अप्रैल महीने में समाप्त हो रहा है. उससे पहले कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर फूलो देवी नेताम को उम्मीदवार बनाया है.छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की कुल 5 सीटें हैं और राज्यसभा के पांचवें सांसद बीजेपी के देवेंद्र प्रताप सिंह हैं.

स्थानीय चेहरे पर कांग्रेस ने जताया भरोसा
वहीं, कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को दोबारा उम्मीदवार बनाकर स्थानीय चेहरे को मौका दिया है. फूलोदेवी नेताम छत्तीसगढ़ कांग्रेस की मुखर नेता मानी जाती हैं. वह कांग्रेस की महिला विंग में भी काफी सक्रिय रह चुकी हैं. वे छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. इससे पहले कांग्रेस ने साल 2020 में उन्हें राज्यसभा के चुनाव में उतारा था. वह साल 2020 में राज्यसभा चुनाव जीतकर संसद में गई थी.
फूलो देवी नेताम को मिल रही बधाइयां
दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए नामित होने के बाद फूलो देवी नेताम को कांग्रेस पार्टी की तरफ से लगातार बधाइयां मिल रही है. छत्तीसगढ़ के सीनियर कांग्रेस लीडर टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने फूलो देवी नेताम को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर फूलो देवी नेताम को दोबारा राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी फूलो देवी नेताम को बधाई दी है.
छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय जननेत्री फूलोदेवी नेताम जी को पुनः राज्यसभा के लिए नामित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपका यह मनोनयन प्रदेश की जनता, विशेषकर आदिवासी समाज और महिलाओं के सशक्त प्रतिनिधित्व का सम्मान है.आपके अनुभव, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण से निश्चित ही संसद में छत्तीसगढ़ की आवाज़ और अधिक प्रभावी रूप से उठेगी.आपके उज्ज्वल एवं सफल संसदीय कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं- टीएस सिंहदेव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांग्रेस
बस्तर की माटी की सशक्त आवाज और छत्तीसगढ़ की गौरव, फूलो देवी नेताम जी को छत्तीसगढ़ से दोबारा राज्यसभा उम्मीदवार मनोनीत होने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं. एक आदिवासी महिला नेत्री के रूप में आपका फिर से चयन होना पूरे बस्तर और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है.हमें विश्वास है कि आप संसद में आदिवासियों और छत्तीसगढ़ के हितों की आवाज को और भी मजबूती से बुलंद करेंगी.आपके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल हेतु बहुत-बहुत मंगलकामनाएं- चरण दास महंत, नेता प्रतिपक्ष, छत्तीसगढ़
फिलहाल, फूलो देवी नेताम छत्तीसगढ़ कांग्रेस की दमदार महिला नेताओं में गिनी जाती हैं. वह कांग्रेस आलाकमान की भी करीबी हैं. इससे पहले वे कांग्रेस कार्य समिति की भी अध्यक्ष रह चुकी हैं.










