Sports News : भारत ने अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में ‘रन चेज’ का बनाया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड..न्‍यूजीलैंड के 20 साल का राज आखिरकार खत्‍म

👇

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय टीम ने बुधवार को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्‍ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अफगानिस्‍तान को 53 गेंदें शेष रहते सात विकेट से मात देकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री की। भारत ने 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्‍ड कप फाइनल में प्रवेश किया।

हरारे में आरोन जॉर्ज (115) के शतक के दम पर भारत ने अफगानिस्‍तान के खिलाफ 311 रन का लक्ष्‍य 41.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल किया। इसी के साथ भारत के नाम वर्ल्‍ड रिकॉर्ड दर्ज हुआ। भारत अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में सबसे बड़े लक्ष्‍य का सफल पीछा करने वाली टीम बन गई है।

अब तक केवल दो टीमें- भारत और न्‍यूजीलैंड ने अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में 300 से ज्‍यादा रन के लक्ष्‍य का पीछा किया है। 14 फरवरी 2006 को न्‍यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 305 रन का लक्ष्‍य 49.1 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल किया था। इस तरह न्‍यूजीलैंड ने तीन विकेट से मैच अपने नाम किया और यह रिकॉर्ड 20 साल तक कायम रहा। भारत ने आखिरकार न्‍यूजीलैंड के रिकॉर्ड को तोड़ा।

अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में सबसे बड़ा रन चेज

टीम – स्‍कोर- ओवर- लक्ष्य- विरोधी – स्‍थान- तारीख

भारत 311/3 41.1 311 अफगानिस्‍तान हरारे 4/2/2026
न्‍यूजीलैंड 305/7 49.1 305 आयरलैंड कोलंबो 14/2/2006
साउथ अफ्रीका 298/8 48.5 294 बांग्‍लादेश कूलीज 3/2/2022
वेस्‍टइंडीज 294/6 48.3 292 श्रीलंका क्राइस्‍टचर्च 29/1/2010
वेस्‍टइंडीज 281/6 48.2 279 आयरलैंड लिंकन 23/1/2018


वैभव, म्यात्रे की अर्धशतकीय पारी

भारतीय टीम की जीत के हीरो बेशक आरोन जॉर्ज (115) रहे, लेकिन इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी (68) और कप्‍तान आयुष म्‍हात्रे (62) ने भी उम्‍दा पारियां खेली। जॉर्ज ने 104 गेंदों में 15 चौके और दो छक्‍के की मदद से 115 रन बनाए। वैभव ने 33 गेंदों में 9 चौके और चार छक्‍के की मदद से 68 रन बनाए। आयुष ने 59 गेंदों में पांच चौके और चार छक्‍के की मदद से 62 रन की पारी खेली।

फाइनल में इंग्‍लैंड से टक्‍कर
भारत की युवा टीम ने 10वीं बार आईसीसी अंडर-19 वर्ल्‍ड कप के फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय टीम का अब फाइनल में सामना इंग्‍लैंड से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया को 27 रन से मात दी थी। दोनों टीमों के बीच अंडर-19 वर्ल्‍ड कप का फाइनल शुक्रवार को हरारे में खेला जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment