U19 World Cup 2026 : वैभव सूर्यवंशी फ्लॉप, हेनिल पटेल चमके..U19 वर्ल्ड कप के पहले मैच में भारत ने यूएसए को 6 विकेट से हराया

जन जन तक संदेश न्यूज़/गजाधर पैंकरा

स्पोर्ट्स डेस्क; अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने धमाकेदार शुरुआत की, आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम ने यूएसए को पहले मैच में 6 विकेटों से हराया. हेनिल पटेल ने गेंद से प्रभावी खेल दिखाया, उन्होंने 5 विकेट चटकाए. वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आज नहीं चला, वह सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिज्ञान अभिषेक कुंडू ने 42 रनों की नाबाद पारी खेली.


क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. हेनिल पटेल ने अमरिंदर गिल के रूप में यूएसए का पहला विकेट चटकाया. हेनिल ने शानदार गेंदबाजी की, उन्होंने निरंतर अंतराल पर विकेट चटकाए. उन्होंने कुल 5 विकेट लिए.

भारत ने 6 विकेट से जीता मैच

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का पहला विकेट तीसरे ही ओवर में गिर गया था, विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए. भारत का स्कोर 4 ओवरों में 1 विकेट पर 21 रन था, तब बारिश ने मैच में खलल डाला और गीले आउटफील्ड के कारण काफी देर तक मैच रुका रहा. जब मुकाबला शुरू हुआ तो भारत को 37 ओवरों में 96 रनों का लक्ष्य दिया गया. पांचवें ओवर में वेदांत अल्पेशकुमार त्रिवेदी भी 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में टीम इंडिया का तीसरा विकेट 25 के स्कोर पर गिरा, वह सिर्फ 19 रन बना पाए. इसके बाद विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान अभिषेक कुंडू के बीच 45 रनों की साझेदारी हुई, विहान 17 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए. अभिज्ञान ने 41 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 42 रन बनाए. भारत ने 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की.


हेनिल पटेल को मिला POTM अवार्ड

पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएसए की टीम 107 रनों पर ढेर हो गई थी. भारत के लिए हेनिल पटेल ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए. उन्होंने अपने 7 ओवरों के स्पेल में मात्र 16 रन दिए. हेनिल को मैच का सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुना गया. उनके आलावा दीपेश देवेन्द्रन, अम्ब्रीश, खिलन पटेल और वैभव सूर्यवंशी ने 1-1 विकेट लिया.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment