🇮🇳
Chhattisgarh Breaking News/रायपुर. राजधानी रायपुर में मंगलवार को ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का दल पहुंचेगा. वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा पहले दुर्ग जिले में प्रवेश करेगी और इसके बाद रायपुर पहुंचेगी.
वहीं, बस्तर से निकली भाजयुमो की सेवा संकल्प यात्रा भी राजधानी पहुंचेगी. रायपुर के साइंस कॉलेज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 5.30 बजे दोनों यात्राओं से जुड़े युवाओं और बच्चों का संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा.
दरअसल इस दौरान बस्तर के नक्सल पीड़ित परिवारों के युवाओं और बच्चों से संवाद किया जाएगा. कार्यक्रम में बस्तर ओलंपिक में शामिल होने वाले खिलाड़ी, प्रयास अकादमी के विद्यार्थी और सरकार की ओर से शिक्षा प्राप्त कर रहे अन्य बच्चे शामिल होंगे.
हालांकि बस्तर से बाइक रैली के जरिए रायपुर पहुंचने वाले नक्सल पीड़ित परिवारों के 50 युवा भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे. कुल मिलाकर करीब 400 युवा और बच्चे संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे.
बता दें कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे.


















