राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ के नन्हे विद्यार्थियों की कलाइयों पर बांधी राखी, बोलीं- ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

🇮🇳

पिथौरा/दिल्ली। पिथौरा की माटी से देश की राजधानी के राष्ट्रपति भवन तक का सफर चार नन्हे विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पिथौरा और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बन गया। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पिथौरा स्थित रामदर्शन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राखी बंधवाई।




ज्ञात हो कि, विद्यालय के विद्यार्थी आदित्य शर्मा, नितेश साहू, पुष्पराज ध्रुव और जयश बरिहा को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के सानिध्य में रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिला। इस दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल जोगिंद्र मेहर भी उपस्थित रहे।




वहीं विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, महज चार वर्ष पूर्व पिथौरा में शुरू हुआ रामदर्शन पब्लिक स्कूल आज अपने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। राष्ट्रपति भवन में बच्चों की उपस्थिति ने विद्यालय के साथ-साथ पिथौरा नगर को भी गौरवान्वित किया।



दरअसल, इस अवसर का सबसे भावुक और यादगार पल उस समय आया, जब राष्ट्रपति ने बच्चों से आत्मीयता के साथ पूछा—“आप कहां से आए हैं?” बच्चों ने गर्वपूर्वक एक स्वर में जवाब दिया—“छत्तीसगढ़!” बच्चों के उत्तर पर राष्ट्रपति की आत्मीय मुस्कान और उनके द्वारा कही गई पंक्ति “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” ने पूरे माहौल को यादगार बना दिया।

फिलहाल, राष्ट्रपति भवन जैसे देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान के भव्य प्रांगण में पिथौरा के इन विद्यार्थियों को रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिलना क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह अनुभव बच्चों के जीवन में सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। पिथौरा की माटी से राष्ट्रपति भवन तक पहुंची इन नन्ही प्रतिभाओं की यह यात्रा सचमुच स्वप्न और यथार्थ के अद्भुत संगम जैसी है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment