IND vs NZ 3rd ODI : आज भारत ने टॉस जीतकर चुनी बॉलिंग, पहले बैटिंग करेगी न्यूजीलैंड की टीम

.

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। India vs New Zealand 3rd ODI : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच आज खेला जाना है। ये मैच इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय टीम के सामने 37 सालों के रिकॉर्ड को बरकरार रखने की चुनौती रहेगी।

भारत ने करीब बीते 4 दशक में न्यूजीलैंड से अपने घर में एक भी सीरीज नहीं गंवाई है। इतना ही नहीं, इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत ने कभी कोई वनडे मैच भी नहीं हारा है। ऐसे में शुभमन गिल की सेना सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम की निगाहें सीरीज जीतकर इतिहास रचने पर होगी।


1 बजे होगा टॉस


भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मैच का टॉस दोपहर 1 बजे इंदौर के होलकर स्टेडियम में होना है।

रोहित की नजरें वर्ल्ड रिकॉर्ड पर


तीसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा की नजरें बड़े कीर्तिमान पर होगी। हिटमैन को दो और छक्कों की जरूरत है, अगर वह ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सर्वाधिक सिक्स लगाने वाले हैटर बन जाएंगे। मौजूदा समय ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी के नाम है, जिन्होंने 38 वनडे मैच में कीवियों के खिलाफ 50 सिक्स लगाए हैं।रोहित ने 32 वनडे मैच में अभी तक 49 सिक्स लगाए हैं।

गिल दोहराएंगे 3 साल पुराना इतिहास?


आज यानी 18 जनवरी का दिन शुभमन गिल के लिए बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने तीन साल पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ ही अपना पहला दोहरा शतक (208) जड़ा था। इस तरह वह वनडे क्रिकेट इतिहास में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा भारतीय बने थे, जिन्होंने ये कमाल 23 साल और 132 दिन की उम्र में किया था। अब आज गिल बतौर भारतीय कप्तान न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ तीसरा वनडे मैच खेलने उतरेंगे। हर किसी को गिल से उम्मीद होगी कि वह पुराना इतिहास दोहराए और टीम को जीत दिलाए।

इतिहास रचना चाहेंगे किंग कोहली


इंदौर के होलकर स्टेडियम में अगर आज विराट कोहली शतक लगा लेते हैं तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा (7) शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बैटर बन जाएंगे। मौजूदा समय में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतकों का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से भारत के वीरेंद्र सहवाग और ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम है। ऐसे में कोहली की नजरें इन दोनों दिग्गजों के 6-6 शतक को तोड़कर नंबर-1 बनने पर होगी।

भारत-न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11


भारत– शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर) रवींद्र जड़ेजा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड– डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे(विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जकरी फोलक्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, जायडेन लिनोक्स

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment