Women’s Asia Cup: टीम इंडिया की सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री, मंधाना का रिकॉर्डतोड़ शतक, हॉन्ग कॉन्ग को 137 रन से रौंदा

🏏

Women’s Asia Cup: भारतीय टीम ने पहले मैच में थाईलैंड को हराया था और अब हॉन्ग कॉन्ग को शिकस्त देकर ग्रुप स्टेज के दोनों मैच जीत लिए. आखिरी मैच अब 6 सितंबर को पाकिस्तान से है.

टीम इंडिया ने विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के अपने दूसरे मैच में भी आसानी से जीत दर्ज की. उप-कप्तान स्मृति मंधाना के रिकॉर्डतोड़ शतक के दम पर टीम इंडिया ने 137 रन के बड़े अंतर से हॉन्ग कॉन्ग को हरा दिया. इस तरह लगातार 2 दजीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई. टीम इंडिया का अब ग्रुप स्टेज में आखिरी मुकाबला 6 सितंबर को पाकिस्तान से होगा. वहीं सेमीफाइनल मैच 10 सितंबर से शुरू होंगे.

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में गुरुवार 3 सितंबर को ग्रुप ए में टीम इंडिया अपना दूसरा मैच खेलने उतरी. पहले मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेदम नजर आई थी. तब गेंदबाजों के दम पर टीम इंडिया ने 100 से ज्यादा रन के अंतर से जीत दर्ज की थी. मगर दूसरे मैच में तो टीम इंडिया हर मोर्चे पर अव्वल रही. इसकी शुरुआत बल्लेबाजी से हुई, जहां टीम इंडिया लगातार दूसरे मैच में पहले बैटिंग के लिए उतरी.

मंधाना का रिकॉर्डतोड़ शतक

थाईलैंड के खिलाफ बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इस बार कसर पूरी की और हॉन्ग कॉन्ग की गेंदबाजों को मैदान के हर हिस्से के दर्शन कराए. उन्होंने सिर्फ 57 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो टी20 इंटरनेशनल में उनका दूसरा और महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 18वां शतक (सबसे ज्यादा) था. इस दौरान मंधाना (10,880) ने महिला इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन का मिताली राज (10,868) का रिकॉर्ड भी तोड़ा. इस पारी के दम पर भारत ने 193 रन बनाए.

गेंदबाजों ने आसानी से दिलाई जीत

जीत तो इस स्थिति में ही तय हो गई थी लेकिन फिर भी गेंदबाजों को इसे अंजाम तक पहुंचाना था. तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने फिर से इसका आगाज किया, जिसके बाद स्पिनर्स ने मोर्चा संभाल लिया. दिग्गज स्पिनर दीप्ति शर्मा के नेतृत्व में श्री चरणी और प्रेमा रावत ने हॉन्ग कॉन्ग को 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर समेट दिया. हॉन्ग कॉन्ग की सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं. दीप्ति ने 3, जबकि चरणी, प्रेमा और नंदनी ने 2-2 विकेट लिए. इस नतीजे के साथ ही हॉन्ग कॉन्ग सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment