🏏
Asian Games 2026: जापान में होने जा रहे एशियन गेम्स 2026 में 17 सितंबर से महिला क्रिकेट के मुकाबले शुरू होंगे, जो 22 सितंबर तक चलेंगे, जिसके बाद 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक मेंस टी20 इवेंट शुरू होगा.
एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 19 सितंबर से जापान में होने जा रही है. इस बार इन गेम्स का आयोजन जापान के ऐची-नागोया में हो रहा है. खास बात ये है कि एक बार फिर एशियन गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया गया है. चीन में हुए पिछले गेम्स में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया था. तब महिला और पुरुष, दोनों ही इेंट में भारत ने गोल्ड मेडल जीता था. अब एक बार फिर भारतीय टीम गोल्ड जीतने के इरादे से उतरेगी. मगर टीम इंडिया के गोल्ड मेडल तक पहुंचने का सफर कैसा होगा? इसका खुलासा हो गया है क्योंकि शेड्यूल सामने आ गया है.
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने सोमवार 7 सितंबर को एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट का शेड्यूल जारी किया. इसमें पहले महिला इवेंट के मुकाबले होंगे और फिर पुरुष क्रिकेट खेला जाएगा. एशियन गेम्स की शुरुआत तो 19 सितंबर से होगी लेकिन क्रिकेट के मुकाबले 17 सितंबर से ही शुरू हो जाएंगे. महिला क्रिकेट 17 से 22 सितंबर तक चलेगा, जिसमें 8 टीम हिस्सा ले रही हैं, जबकि पुरुष क्रिकेट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें 10 टीम खेलेंगी.
जापान से भिड़ेगी भारतीय महिला टीम
भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को दोनों इवेंट में सीधे क्वार्टर फाइनल में एंट्री मिली है. ऐसे में इन टीमों के इक्का-दुक्का मैच ही देखने को मिलेंगे. अब बात शेड्यूल की करते हैं. महिलाओं के इवेंट की बात करें तो इसकी शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल राउंड से होगी. इसमें भारतीय टीम चौथे क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान से भिड़ेगी. ये मुकाबला 18 सितंबर को शाम 5.30 बजे (भारतीय समय) खेला जाएगा. इसके बाद 20 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल होंगे, जबकि 22 सितंबर को पहले ब्रॉन्ज मेडल का मैच होगा और फिर फाइनल में गोल्ड मेडल के लिए टक्कर होगी.
𝐀𝐢𝐜𝐡𝐢-𝐍𝐚𝐠𝐨𝐲𝐚 𝐢𝐬 𝐫𝐞𝐚𝐝𝐲 𝐟𝐨𝐫 𝐬𝐨𝐦𝐞 𝐨𝐟 𝐀𝐬𝐢𝐚𝐬 𝐛𝐢𝐠𝐠𝐞𝐬𝐭 𝐬𝐭𝐚𝐫𝐬 🇯🇵
The 20th Asian Games will see the womens tournament get underway on September 17 ~ followed by the mens competition from September 24! 👏#AsianGames2026 #ACC pic.twitter.com/bOamnB5sya
मेंस क्रिकेट का ऐसा है शेड्यूल
मेंस क्रिकेट की बात करें तो इसे दो हिस्सों में बांटा गया है. सबसे पहले ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें अफगानिस्तान, नेपाल, जापान, हॉन्ग कॉन्ग, मलेशिया और ओमान की टक्कर होगी. 24 से 26 सितंबर के बीच ग्रुप स्टेज के मैच होंगे. इसके बाद 28 सितंबर से क्वार्टर फाइनल मैच शुरू होंगे और इस राउंड में ही भारतीय टीम को खेलते देखने का मौका मिलेगा. मगर टीम इंडिया की टक्कर किस टीम से होगी, इसका पता ग्रुप स्टेज के बाद ही चलेगा.
हालांकि, शेड्यूल के मुताबिक भारतीय टीम 28 सितंबर को दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में उतरेगी, जहां उसका सामना ग्रुप ए में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा. ग्रुप A में अफगानिस्तान, नेपाल और जापान को रखा गया है. यानि इनमें से ही किसी एक टीम से भारत का सामना होगा. ये मुकाबला शाम 5.30 बजे (भारतीय समय) खेला जाएगा. इसके बाद 1 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 3 अक्टूबर को ब्रॉन्ज मेडल और गोल्ड मेडल मैच होंगे.

















