BRICS समिट से पहले पीएम मोदी ने दिया संवाद और सद्धाव का संदेश, शेयर किया संस्कृत का ये श्लोक

🇮🇳

नेशनल डेस्क। दिल्ली के भारत मंडपम में कल शनिवार से 18वें BRICS समिट की शुरुआत हो रही है. समिट के लिए राजधानी को भव्य तरीके से सजाया-संवारा जा रहा है. सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट की शुरुआत से पहले सोशल मीडिया पर संवाद और सद्धाव का संदेश दिया. साथ ही संस्कृत का एक श्लोक भी शेयर किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने संदेश में कहा, “अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS समिट के लिए जुटेंगे. पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी.” संस्कृत का एक श्लोक भी शेयर किया, “सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्। सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥”

हमेशा सज्जनों के साथ रहें, संगति करेंः PM मोदी

इस श्लोक का अर्थ है, “मनुष्य को हमेशा सज्जनों के साथ रहना और उन्हीं की संगति करनी चाहिए. सज्जनों के साथ ही विचार-विमर्श और मैत्रीपूर्ण व्यवहार करना चाहिए क्योंकि आपसी परस्पर सद्भाव, संवाद और मैत्रीपूर्ण संबंध शांति तथा सहयोग को सुदृढ़ करते हैं.”

अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।

सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्।

सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥



इससे पहले पीएम मोदी ने कल गुरुवार को एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि BRICS समिट 2026 को लेकर सब तैयारी हो चुकी है.



दूसरी ओर, BRICS समिट को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के 15,000 जवानों के अलावा अर्ध सैनिक बलों की 200 कंपनी भी तैनात की गई हैं. राष्ट्रीय राजधानी में चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 500 CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं. इनमें हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों के अलावा चेहरे की पहचान करने वाली प्रणाली और गाड़ियों की नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरे भी शामिल हैं. इन कैमरों के जरिए लगातार 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी.

समिट के लिए पुतिन पहुंचे दिल्ली, शी कल आएंगे

वहीं ट्रैफिक एडवाइजरी को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि समिट के मद्देनजर पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी, लेकिन अति गणमान्य व्यक्तियों (वीवीआईपी) के काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ रास्तों पर अस्थायी रूप से गाड़ियों को रोका जा सकता है, या फिर रूट में बदलाव किया जा सकता है या फिर कुछ रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समिट में हिस्सा लेने के लिए आज शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए. वहीं चीन ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी समिट में शामिल होने की पुष्टि कर दी है. इस तरह से 7 साल के लंबे अंतराल के बाद वह भारत के दौरे पर आ रहे हैं.

फिलहाल BRICS समिट में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ-साथ अबू धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख आदि शामिल हैं.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment