🏑
Womens Hockey Junior Asia Cup 2026: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराया.
Womens Hockey Junior Asia Cup 2026: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन के हुलुनबुइर शहर में इतिहास रच दिया है. एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताबी जीत हासिल की. इसके साथ ही भारत ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम करते हुए खिताबी हैट्रिक पूरी की. इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के साथ ही भारतीय टीम ने आगामी एफआईएच जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है.
सानिका चंद्रकांत माने का ‘गोल्डन गोल’
दरअसल, फाइनल मुकाबले में दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. मेजबान चीन को घरेलू फैंस का जबरदस्त समर्थन हासिल था, लेकिन भारतीय डिफेंस और फॉरवर्ड लाइन ने शानदार संयम दिखाया. मैच के दूसरे क्वार्टर में, 17वें मिनट में भारतीय स्ट्राइकर सानिका चंद्रकांत माने ने विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए फील्ड गोल दाग दिया. सानिका का यह गोल पूरे मुकाबले का इकलौता और निर्णायक गोल साबित हुआ.
फिलहाल चीनी टीम ने बराबरी हासिल करने के लिए लगातार कई आक्रामक कोशिश कीं, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने अभेद्य दीवार बनकर चीन के हर मंसूबे पर पानी फेर दिया. इस दमदार प्रदर्शन के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार इस खिताब पर अपने कब्जा जमा लिया.


















