🇮🇳
Chhattisgarh News/रायपुर। नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को लिफ्ट मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। यहां एक लिफ्ट अचानक बीच रास्ते रुक गई, जिसके अंदर आधा दर्जन से अधिक अधिकारी-कर्मचारी करीब 30 मिनट तक फंसे रहे। घटना के दौरान लिफ्ट में मौजूद लोगों में घबराहट का माहौल बन गया।
तेज झटके के बाद बीच रास्ते रुकी लिफ्ट
जानकारी के अनुसार, लिफ्ट एक मंजिल से दूसरी मंजिल की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज झटका लगा और लिफ्ट बीच रास्ते रुक गई। इसके बाद दरवाजा बंद रहा और लिफ्ट में किसी तरह की हलचल नहीं हुई। अंदर मौजूद लोगों को घबराहट होने लगी और दम घुटने जैसी स्थिति महसूस होने लगी।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद खुला दरवाजा
दरअसल, लिफ्ट बंद होने की जानकारी मिलते ही इंद्रावती भवन में मौजूद कर्मचारियों ने राहत और बचाव की कोशिश शुरू की। इसके बाद मेंटेनेंस टीम और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला जा सका। इसके बाद अंदर फंसे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मेंटेनेंस व्यवस्था पर उठे सवाल
फिलहाल, घटना के बाद इंद्रावती भवन में लगी लिफ्टों के रखरखाव और नियमित सुरक्षा जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इंद्रावती भवन में रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में बीच रास्ते लिफ्ट का अचानक रुकना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। घटना के बाद लिफ्ट की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।


















