🇮🇳
Chhattisgarh News/धमतरी। सड़क हादसे में घायल होने के बाद पिछले 10 सालों से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहे धमतरी जिले के शशिकांत भरत ने एक बार फिर इच्छा मृत्यु की मांग की है। इस बार उन्होंने एम्स रायपुर में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
10 साल से बिस्तर पर हैं शशिकांत
वहीं, नगरी तहसील के ग्राम देवपुर निवासी शशिकांत भरत साल 2016 में भटगांव आईटीआई में कंप्यूटर प्रशिक्षण कर रहे थे। 11 नवंबर 2016 को देवउठनी त्योहार की छुट्टी के दौरान वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी दुगली-गजकन्हार के पास उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद उनका शरीर लकवाग्रस्त हो गया। डॉक्टरों ने इसे सर्वाइकल इंजुरी बताया और तब से वे बिस्तर पर हैं।
इच्छा मृत्यु और CBI जांच की मांग
दरअसल शशिकांत लंबे समय से इच्छा मृत्यु और अपने मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संज्ञान लिया। सीएम ने उन्हें इलाज के लिए चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की और एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया।
एम्स पर लापरवाही का आरोप
फिलहाल, अब एम्स में भर्ती शशिकांत ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में उनका ठीक से इलाज नहीं हो रहा है। ड्रेसिंग उनकी मां से कराई जा रही है। फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ भी सेवा नहीं दे रहे हैं, बल्कि सिखाकर परिजनों से कराने को कहा जा रहा है। बदहाल स्वास्थ्य सुविधा से तंग आकर उन्होंने एम्स में भर्ती रहते हुए ही वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री से कहा कि उनका इलाज नहीं हो रहा है और फिर से इच्छा मृत्यु की मांग कर दी।


















