🏏
Asian Games 2026: सानो स्टेडियम में खेला गया इकलौता टी20 मैच भारत ने जीत लिया. जापान के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया पांच ओवर में सिर्फ 32 ही रन बना सकी. लेकिन जवाब में जापान की टीम ये लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी. जापान की टीम निर्धारित 5 ओवरों में महज 30 रन ही बना सकी और भारत ने 2 रन से मैच जीत लिया. आखिरी ओवर में जापान को 8 रनों की जरूरत थी लेकिन ये टीम 5 ही रन बना सकी. आखिरी ओवर अक्षर पटेल ने फेंका जो इस मैच में टीम इंडिया के हीरो साबित हुए. अक्षर ने 2 ओवर में सिर्फ 6 रन खर्च किए. सुंदर ने 2 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट झटके वहीं रवि बिश्नोई ने एक ओवर में 10 रन दिए.
भारत की बैटिंग फेल
वहीं, इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी और उसके दिग्गज बल्लेबाज जापानी गेंदबाजी के सामने फेल साबित हुए. अभिषेक शर्मा पहली गेंद पर आउट हो गए. सैमसन ने 9 ही रन बनाए. इशान किशन ने सिर्फ 3 रनों का योगदान दिया. श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए. बारिश की वजह से पिच गेंदबाजों को काफी ज्यादा मदद कर रही थी और उसपर शॉट खेलना मुश्किल हो रहा था.
क्या आसान पिच पर ही रन बनाएंगे बल्लेबाज?
बता दें भारतीय टीम के इन्हीं बल्लेबाजों ने पिछली टी20 सीरीज में अफगानिस्तान के खिलाफ गजब बैटिंग की थी. दिल्ली में खेले गए आखिरी टी20 में तो टीम इंडिया ने पावरप्ले के 6 ओवरों में ही 100 रन बना दिए थे लेकिन जापान के खिलाफ उनका गेंद तक छूना मुश्किल हो गया. सवाल ये है कि क्या आसान और पाटा पिच पर ही भारतीय बल्लेबाज अच्छे रन बना सकते हैं? क्या मुश्किल पिच आते ही उनका बल्ला खामोश हो जाता है? जापान के खिलाफ भारत ने मैच तो जीत लिया लेकिन ये सवाल सबके जहन में हैं.
फिलहाल, मुश्किल परिस्थितियों में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का सरेंडर हाल ही में देखने को मिला था. आयरलैंड ने भारत को टी20 सीरीज में 2-0 से हरा दिया था. इसके बाद इंग्लैंड ने भी भारत को टी20 सीरीज में बुरी तरह हराया. अब जापान ने भारतीय बल्लेबाजों की हवाइयां उड़ा दी. ये एक बड़ी दिक्कत है, इसपर मैनेजमेंट को ध्यान देना ही होगा.


















