🇮🇳
जशपुरनगरः सोमवार से होने वाली बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल से पहले बैंकों ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए रविवार को बैंकों को खुला रखने का निर्णय लिया है। स्टेट बैंक आफ इंडिया के शाखा प्रबंधक समीर कुमार ने बताया कि रविवार को बैंक में सामान्य दिनों की तरह कार्य होगा।
वहीं जिले के 23 बैंकों के 97 ब्रांचों में अधिकारी व कर्मचारी ग्राहकों के लिए लेन-देन का काम निबटाएंगें। उन्होनें बताया कि बैंक प्रबंधन ने सोमवार से सार्वजनिक बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए यह व्यवस्था की है।
दरअसल पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यूनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स ने सोमवार 28 सितंबर से बुधवार 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान देश भर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बंद रहेगें। हड़ताल से पहले 26 अक्टूबर को महिने के चौथा शनिवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा।
फिलहाल, ऐसे में रविवार को अवकाश होने से बैंकों में पांच दिन तक ताला लटकने की स्थिति बन गई थी। इससे बैंकों से होने वाले लेन-देन प्रभावित होने के साथ ही ग्राहकों को असुविधा होने की स्थिति बन गई थी। इससे राहत देने के लिए रविवार को बैंकों में कामकाज संचालित करने का निर्णय लिया गया है।


















