छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी को 4-2 से दी शिकस्त, CM साय और केंद्रीय खेल मंत्री ने विजेता टीम को सौंपी ट्रॉफी..पढ़ें पूरी खबर!

🏑

Chhattisgarh Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन को अपना चैंपियन मिल गया है। मैनपाट टाइटंस ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसी के साथ मैनपाट ने लीग के पहले ही सीजन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।


रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आज शाम खेले गए खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, मैनपाट टाइटंस ने अहम मौकों पर गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और आखिरकार जीत दर्ज की।

प्रहलाद, संदीप और मोहित ने दागे गोल, मैनपाट ने 4-2 से जीता फाइनल
फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में संस्कारधानी के अभिषेक यादव ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद दूसरे क्वार्टर के 13वें मिनट में मैनपाट के प्रहलाद ने फील्ड गोल दागकर मुकाबले में बराबरी कर ली।

तीसरे क्वार्टर में मैनपाट ने आक्रमण तेज किया। इस क्वार्टर के तीसरे मिनट में संदीप ठाकुर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। वहीं, 11वें मिनट में संस्कारधानी के सारिक अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

वहीं इसके बाद मुकाबले के आखिरी क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने शानदार खेल दिखाया। चौथे क्वार्टर के तीसरे मिनट में मोहित नायक ने फील्ड गोल कर टीम को फिर बढ़त दिलाई। मैच खत्म होने से एक मिनट पहले, यानी 14वें मिनट में मोहित ने एक और फील्ड गोल दाग दिया। इस तरह मैनपाट टाइटंस ने 4-2 से जीत दर्ज कर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया। मोहित नायक ने आखिरी क्वार्टर में दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय खेल मंत्री ने सौंपी ट्रॉफी

बता दें कि फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने विजेता मैनपाट टाइटंस और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को ट्रॉफी प्रदान की। इसके साथ ही टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल और युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।


22 अक्टूबर से शुरू हुई थी हॉकी लीग
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 22 अक्टूबर से रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया था। लीग में प्रदेश की छह टीमों ने हिस्सा लिया।

वहीं लीग चरण के बाद न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस ने 11-11 अंकों के साथ शीर्ष दो स्थान हासिल किए थे। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही थी।

दरअसल सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अंक तालिका की शीर्ष टीम न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, मैनपाट टाइटंस ने दूसरे सेमीफाइनल में बैलाडीला बुल्स को 3-1 से शिकस्त दी थी।

फिलहाल फाइनल में संस्कारधानी को हराने के साथ ही मैनपाट टाइटंस ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment