छत्तीसगढ़ में बाढ़ का कहर.! पुलिस और SDRF चला रहे रेस्क्यू ऑपरेशन..यहां 28 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया..पढ़ें पूरी ख़बर

🇮🇳

Chhattisgarh News/बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। ऐसे हालात में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। शनिवार को सिमगा, गिधपुरी और लवन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 28 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान गणेशपुर में फंसी 9 बकरियों का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

ज्ञात हो कि थाना सिमगा क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में अचानक बाढ़ का पानी भर जाने से 11 ग्रामीण फंस गए थे। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीम मोटर बोट एवं जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने अभियान चलाकर सभी 11 ग्रामीणों को उनके जरूरी सामान और घर में मौजूद 9 बकरियों सहित सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें राहत शिविर पहुंचाया।

बिजराडीह में 17 लोगों को सुरक्षित निकाला

वहीं थाना गिधपुरी क्षेत्र के ग्राम बिजराडीह में लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया। यहां 4 अलग-अलग परिवारों के 17 लोग, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना मिलने पर गिधपुरी पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 17 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

डोंगरीडीह में भी पुलिस ने संभाला मोर्चा

दरअसल, थाना लवन क्षेत्र के ग्राम डोंगरीडीह में जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। सूचना मिलते ही लवन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

संवेदनशील इलाकों पर लगातार पुलिस और प्रशासन की नजर

फिलहाल, पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, राजस्व प्रशासन और SDRF की टीमें जिले के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन का फोकस लोगों की जान-माल की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने पर है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और जलभराव के दौरान उफनती नदियों, नालों, रपटों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा 112 पर दें।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment