🇮🇳
नई दिल्ली। उत्तराखंड के जोशीमठ में बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर खराब मौसम के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें पांच श्रद्धालुओं और पायलट समेत छह लोग सवार थे. बचाव अभियान जारी है.
उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ है. यह हादसा छई (Chayee) गांव के पास हुआ. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे, जिनमें पांच श्रद्धालु शामिल थे. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया था. उन्होंने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं.
बद्रीनाथ से उड़ान भरने के बाद टूटा संपर्क
हालांकि चमोली के जिला सूचना अधिकारी धीरज कर्की के मुताबिक, हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से पांच श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था. उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर अचानक उसका संपर्क टूट गया. इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखनी बंद हो गई.
ज्ञात हो कि उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था. हालांकि, हादसे की शुरुआती जानकारी में उड़ान का समय दोपहर 1:12 बजे भी बताया गया है.
PTI का एक्स पर पोस्ट-
छई गांव के पास हुआ हादसा, SDRF की टीम रवाना
वहीं चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पुराने नाम ज्योतिर्मठ क्षेत्र के मारवाड़ी इलाके में छई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ. सूचना मिलने के बाद जोशीमठ से एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई.
दरअसल पहाड़ी इलाके में दुर्घटनास्थल तक पहुंचने के लिए बचाव दलों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. जिला प्रशासन और दूसरी संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य को आगे बढ़ाने में जुटी हैं.
खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
फिलहाल क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटने की बात सामने आई है. पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदलता है, जिससे हवाई सेवाओं के संचालन में परेशानी होती है. फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी और यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.


















