🐘
कोतबा/जशपुर नगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कोतबा थाना क्षेत्र अंतर्गत और जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत सुरंगपानी के रेचवा घाट के जंगल में इन दिनों जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार लगभग 8 नग नर हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण करते देखा गया है।
हालांकि हाथियों का झुंड रेचवा घाट और आसपास के जंगल क्षेत्र में घूम रहा है। हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। खासकर जंगल और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
हाथियों की विचरण से क्षेत्र में भय का माहौल
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ इतने हाथियों के विचरण से क्षेत्र में भय का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र की ओर बढ़ा तो स्थिति गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की लगातार निगरानी करने, ग्रामीणों को समय पर सूचना देने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
दरअसल हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, उन्हें देखने या वीडियो बनाने के लिए भीड़ न लगाएं और जंगल की ओर जाने से बचें। हाथियों की गतिविधि नजर आने पर तत्काल संबंधित वन अमले को सूचना देने की जरूरत है।
फिलहाल रेचवा घाट में 8 नर हाथियों के विचरण की खबर ने पूरे क्षेत्र में हलचल बढ़ा दी है। अब निगाहें वन विभाग की निगरानी और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।


















