🇮🇳
Epsom Salt Sleep: रात में पैरों की अकड़न से परेशान हैं? जानें एप्सम साल्ट से जुड़े इस घरेलू तरीके को कैसे आजमाया जाता है.
Epsom Salt Sleep: दिनभर काम करने के बाद शरीर थक जाता है, मगर बिस्तर पर जाने के बाद भी कई बार नींद नहीं आती. रातभर बेचैनी के कारण करवटें बदलनी पड़ती हैं. वेलनेस कोच डॉ. अवनतिका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ऐसा ही एक तरीका बताया है, जिसमें रात को सोने से पहले 10 मिनट तक एप्सम साल्ट पर पैर रगड़ने की सलाह दी गई है.
नमक पर पैर रगड़ने का तरीका क्या है?
डॉ. अवनतिका के अनुसार, इस तरीके को अपनाने के लिए सबसे पहले किसी साफ और सूखे कपड़े या मैट पर एप्सम साल्ट की मोटी परत बिछा लें. फिर अपने पैरों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद नमक पर खड़े होकर धीरे-धीरे चलें या हल्के हाथ से पैरों को नमक पर रगड़ें. ऐसा करीब 10 मिनट तक करने के बाद पैरों को अच्छी तरह साफ कर लें. रात में सोने से पहले इस तरीके को आजमा सकते हैं.
वेलनेस कोच डॉ. अवनतिका का कहना है कि इस तरीके से शरीर को आराम महसूस हो सकता है. एप्सम साल्ट में मैग्नीशियम सल्फेट होता है. शरीर और मांसपेशियों के सामान्य कामकाज के लिए मैग्नीशियम जरूरी खनिज है. एक्सपर्ट की मानें तो थकान, दर्द और अकड़न में पैरों पर नमक रगड़ने से राहत महसूस हो सकती है. साथ ही, शरीर को आराम मिलने पर नींद आने में भी मदद मिल सकती है.
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
अगर आपके पैरों में खुला घाव है या संक्रमण की समस्या है, तो इस तरीके को आजमाने से बचना चाहिए. साथ ही, डायबिटीज के मरीजों को भी खास सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि पैरों में चोट या जलन का पता चलने में परेशानी हो सकती है. ऐसे में डॉक्टर की सलाह के बिना इस तरीके को न आजमाएं.
लगातार नींद न आने पर क्या करें?
कभी-कभार अगर थकान के बावजूद नींद नहीं आती, तो सोने का समय तय रखना चाहिए. साथ ही, रात में आरामदायक माहौल बनाना मददगार हो सकता है. लेकिन अगर अक्सर नींद आने में परेशानी होती है और बेचैनी बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.


















