IND vs NZ: ऑकलैंड टी20 में बुरी तरह हारा भारत, गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने किया सरेंडर!

🏏

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के बाद भारत ने ऑकलैंड टी20 बुरी तरह गंवा दिया. न्यूजीलैंड को सीरीज में पहली जीत मिली.

ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल की तूफानी पारी के बाद जैकब डफी की गजब गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड को आखिरकार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत दिला ही दी. भारतीय टीम ऑकलैंड में बुरी तरह मैच हारी. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 259 रन बनाए जवाब में भारतीय टीम 172 रन ही बना सकी और उसे 87 रनों से हार मिली. न्यूजीलैंड की जीत के हीरो ग्लेन फिलिप्स रहे, जिन्होंने 49 गेंदों में 107 रन बनाए. उनके अलावा माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली. इन दोनों बल्लेबाजों ने 40 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया को इस मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया. गेंदबाजी में जैकब डफी ने कमाल गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.

भारतीय बैटिंग पूरी तरह फेल
भारत की विस्फोटक बैटिंग लाइनअप आज पूरी तरह फेल साबित हुआ. सबसे पहले संजू सैमसन आउट हुए. पहले ही ओवर में सैमसन के साथ-साथ ईशान किशन भी निपट गए. ईशान तो खाता ही नहीं खोल सके. अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने थोड़ा विकेट पर जमने की कोशिश की लेकिन पावरप्ले खत्म होने से पहले ही दोनों निपट गए. मैथ्यू फिशर ने अभिषेक शर्मा को 27 पर आउट किया और कप्तान अय्यर 11 गेंदों में 22 रन बनाकर एडम मिल्न के ओवर में बोल्ड हो गए.

मिडिल ओवर्स में अक्षर पटेल ने 7 रन पर विकेट गंवाया. नीतीश कुमार रेड्डी ने तेजी से बैटिंग करने की कोशिश की लेकिन वो 21 रन बनाकर सैंटनर का शिकार हो गए. नमन धीर ने भी तेजी से बैटिंग करते हुए 13 गेंदों में 28 रन बनाए, वो जैकब डफी को विकेट दे बैठे. अंत में उपकप्तान तिलक वर्मा ने कुछ कोशिश की, उन्होंने 35 रन बनाए लेकिन भारत ने मैच बुरी तरह गंवा दिया.

भारतीय गेंदबाजों की धुनाई
बल्लेबाजों के फेल होने से पहले भारतीय गेंदबाजों ने जमकर मार खाई. न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ 20 ओवर में 259 रन बनाए. भारत ने पहली बार किसी टीम से इतनी मार खाई. न्यूजीलैंड ने ये स्कोर ग्लेन फिलिप्स के तूफानी शतक के दम पर हासिल किया. उन्होंने 10 छक्के और 6 चौकों के दम पर 107 रन बनाए. उनके साथ माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौकों के दम पर 65 रन ठोके. गेंदबाजों में अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 43 रन दे दिए. नीतीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 54 रन लुटा दिए. प्रिंस यादव ने 49 और मयंक यादव ने 48 रन दिए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 38 रन दिए.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment