Big News: 5 दिवसीय स्पेन दौरे पर जाएंगे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, वैश्विक मंच पर पेश करेंगे भारत का आवास एवं शहरी विकास मॉडल..पढ़ें पूरी ख़बर

🇮🇳

नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर के सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक स्पेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य भारत के आवास एवं शहरी विकास से जुड़े अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करना, आधुनिक शहरी विकास की श्रेष्ठ प्रक्रियाओं का अध्ययन करना तथा भारत और स्पेन के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना है।


स्मार्ट सिटी एक्सपो में करेंगे इंडिया पवेलियन का उद्घाटन
तोखन साहू 3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में शामिल होंगे और इंडिया पवेलियन (भारत मंडप) का उद्घाटन करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी उनके नेतृत्व में भाग लेगा। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

सम्मेलन में तोखन साहू ‘हाउसिंग फॉर ऑल: बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स’ विषय पर आयोजित सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से किफायती एवं समावेशी आवास उपलब्ध कराने के प्रयासों, बड़े पैमाने पर आवास निर्माण, नवाचार आधारित वित्तीय व्यवस्था और जनभागीदारी से जुड़े अनुभव साझा करेंगे। इसी दिन वे ‘रीक्लेमिंग पब्लिक स्पेस: रीजेनरेशन, गवर्नेंस एंड एवरीडे लाइफ’ विषय पर आयोजित सत्र में भी भाग लेंगे।

बार्सिलोना में आवास नीति और स्मार्ट सिटी मॉडल का करेंगे अध्ययन
बार्सिलोना प्रवास के दौरान तोखन साहू कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सिल्विया पानेके सहित संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में आवास नीति, शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। वे बार्सिलोना के 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट सहित शहरी पुनर्विकास और आधुनिक शहरी प्रबंधन से जुड़ी पहलों का भी अध्ययन करेंगे।

मैड्रिड में शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का करेंगे अवलोकन
इसके बाद 4 से 6 नवंबर तक मैड्रिड में उनका कार्यक्रम निर्धारित है। यहां वे मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे शहरी पुनर्विकास एवं ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) परियोजना और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब जैसी पहलों का अवलोकन करेंगे।

इसके अलावा स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय तथा आवास, निर्माण और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी संस्थाओं एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण, सार्वजनिक परिवहन और शहरी अधोसंरचना के विकास पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत-स्पेन के बीच शहरी विकास सहयोग को मिलेगी नई दिशा
वहीं भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से राजनयिक संबंध हैं। वर्ष 2026 दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ का अवसर है। इस मौके पर भारत और स्पेन संस्कृति, पर्यटन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के द्वैध वर्ष के रूप में मना रहे हैं।

बता दें कि अक्टूबर 2024 में स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की भारत यात्रा और फरवरी 2026 में उनकी पुनः भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई उच्चस्तरीय वार्ताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति दी है। जनवरी 2025 में सतत शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए थे। ऐसे में तोखन साहू का यह दौरा दोनों देशों के बीच शहरी विकास संबंधी सहयोग को व्यावहारिक दिशा देने का अवसर प्रदान करेगा।

हालांकि भारत और स्पेन, दोनों देशों के सामने किफायती आवास, टिकाऊ शहरीकरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसी चुनौतियां हैं। भारत प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़े पैमाने पर आवास उपलब्ध कराने के अपने अनुभव साझा कर सकता है, वहीं स्पेन के शहरी पुनर्विकास, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों, आधुनिक नगर नियोजन और तकनीक आधारित शहरी प्रबंधन से भारत को सीखने के अवसर मिलेंगे। इससे दोनों देशों के बीच ज्ञान एवं तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश, निर्माण क्षेत्र में साझेदारी और संस्थागत सहयोग की नई संभावनाएं विकसित हो सकती हैं।

विकसित भारत @2047 के संकल्प को मिलेगी वैश्विक साझेदारी की मजबूती
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान स्थापित की है। आज भारत केवल अपनी विकास आवश्यकताओं को पूरा करने वाला देश नहीं, बल्कि विश्व के साथ अपने अनुभव, नवाचार और विकास मॉडल साझा करने वाला एक महत्वपूर्ण भागीदार बनकर उभरा है।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आवास, शहरी अधोसंरचना, डिजिटल तकनीक, स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्रों में देश ने व्यापक परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने का संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को प्रतिबिंबित करता है। विकसित भारत @2047 का लक्ष्य इसी दूरदृष्टि और आत्मविश्वास का प्रतीक है।

वहीं भारत और स्पेन के संबंध भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं। संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में घोषित द्वैध वर्ष दोनों देशों की बढ़ती निकटता और व्यापक सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रक्षा विनिर्माण, व्यापार, निवेश, रेलवे, प्रौद्योगिकी और सतत शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। ऐसे समय में तोखन साहू का स्पेन दौरा इस साझेदारी को शहरी विकास और आवास के क्षेत्र में और अधिक सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

दरअसल भारत अपने विशाल अनुभव, प्रधानमंत्री आवास योजना की उपलब्धियों और समावेशी शहरी विकास के मॉडल को स्पेन के साथ साझा करेगा। वहीं, स्पेन की आधुनिक नगर नियोजन, शहरी पुनर्विकास, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों और स्मार्ट मोबिलिटी से जुड़ी श्रेष्ठ प्रक्रियाओं से भारत को सीखने का अवसर मिलेगा।

फिलहाल दोनों देशों के बीच यह परस्पर सहयोग निवेश, तकनीकी आदान-प्रदान, रोजगार सृजन और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की नई संभावनाएं खोलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भागीदारी और मित्र देशों के साथ मजबूत होते संबंध ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को अंतरराष्ट्रीय सहयोग की शक्ति प्रदान कर रहे हैं।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment