🇮🇳
Sugar Free Diwali Sweets: इस दिवाली बाजार की मिठाइयों की जगह घर पर बनी कुछ खास मिठाइयों का स्वाद लेना चाहते हैं, तो इस बार 5 आसान रेसिपीज जरूर ट्राय करें. खजूर के लड्डू से लेकर मखाने की खीर और पनीर संदेश तक, ये मिठाइयां त्योहार की मिठास को और भी स्पेशल बना देंगी.
Sugar Free Diwali Sweets: दिवाली पर घर की साफ-सफाई और डेकोरेशन के साथ-साथ मिठाइयों की खरीदारी भी शुरू हो जाती है. कोई बाजार से काजू कतली लाता है, तो कोई रसगुल्ले और लड्डू खरीदकर घर में रखता है. लेकिन आजकल कई लोग बाजार की मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली ज्यादा चीनी को लेकर सतर्क रहते हैं. खासकर जिन घरों में डायबिटीज के मरीज हैं या परिवार के लोग अपनी सेहत का ध्यान रखते हैं, वहां मिठाई खरीदने से पहले कई बार सोचना पड़ता है. ऐसे में अगर आप इस दिवाली बाजार की मिठाई की जगह घर पर कुछ मीठा बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए कई आसान रेसिपीज मौजूद हैं. इन मिठाइयों को बनाने में रिफाइंड शुगर की जरूरत नहीं पड़ेगी और स्वाद भी अच्छा मिलेगा.
अगर आप भी इस दिवाली घर पर कुछ यूनिक और हेल्दी मिठाई बनाने के बारे में सोच रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज इस आर्टिकल में हम आपके लिए 5 ऐसी मिठाइयों की रेसिपी लेकर आये हैं, जिन्हें आप घर में मौजूद चीजों से आसानी से बना सकते हैं. इनमें मिठास के लिए खजूर, अंजीर और दूसरे ऑप्शंस का इस्तेमाल किया जा सकता है. तो चलिए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं ताकि इस दिवाली आप भी घर पर बनी मिठाइयों का मजा पूरे परिवार के साथ ले पाएं.

खजूर और ड्राई फ्रूट्स से बनाएं टेस्टी लड्डू
अगर आप बिना रिफाइंड शुगर के मीठे लड्डू बनाना चाहते हैं, तो खजूर और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी बीज निकले खजूर लें और इन्हें कुछ देर गर्म पानी में भिगो दें. इसके बाद एक पैन में बादाम, काजू, अखरोट और पिस्ता डालकर हल्का भून लें. इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब खजूर को मिक्सी में पीसकर पेस्ट तैयार कर लें. अब एक कड़ाही में थोड़ा सा घी गर्म करें और इसमें खजूर का पेस्ट डालकर कुछ मिनट चलाएं. अब इसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और थोड़ा इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. मिश्रण ठंडा होने पर हाथों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें. आप चाहें तो ऊपर से नारियल का बुरादा भी लगा सकते हैं.
घर पर बनाएं नारियल और अंजीर की मिठाई
अगर आपको नारियल से बनी मिठाइयां पसंद हैं, तो इस दिवाली नारियल और अंजीर की मिठाई ट्राय कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूखे अंजीर को गर्म पानी में करीब 15 मिनट के लिए भिगो दें. अब इन्हें मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें. इसके बाद एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें और इसमें नारियल का बुरादा डालकर हल्का भून लें. अब इसमें अंजीर का पेस्ट और बारीक कटे हुए बादाम डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें. इसे ठंडा होने के बाद छोटे-छोटे लड्डू या बर्फी का शेप दें. लास्ट में ऊपर से नारियल का बुरादा लगाकर सर्व करें.
दिवाली पर ट्राय करें मखाने की खीर
अगर आप दिवाली पर कुछ मीठा और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो मखाने की खीर एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें और इसमें मखाने डालकर हल्का भून लें. अब इन्हें ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें. इसके बाद एक बर्तन में दूध गर्म करें और इसमें पिसे हुए मखाने डाल दें. धीमी आंच पर इसे कुछ देर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें. जब खीर गाढ़ी होने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम और पिस्ता डाल दें. अब गैस बंद कर दें और मिठास के लिए जरूरत के हिसाब से स्टीविया स्वीटनर मिलाएं. तैयार मखाने की खीर को गर्म या ठंडा करके सर्व कर सकते हैं.
पनीर पसंद है तो बनाएं शुगर फ्री संदेश
अगर आपको दूध से बनी मिठाइयां पसंद हैं, तो घर पर पनीर संदेश भी बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक लीटर दूध गर्म करें और इसमें थोड़ा नींबू का रस डाल दें. दूध फटने के बाद इसे साफ कपड़े से छान लें और छेना का पानी अच्छी तरह निकाल दें. अब छेना को एक प्लेट में निकालकर हाथों से अच्छी तरह मसल लें, ताकि यह सॉफ्ट हो जाए. इसके बाद इसमें इलायची पाउडर और स्वाद के हिसाब से स्टीविया स्वीटनर मिलाएं. अब इस मिश्रण को एक पैन में डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं. जब यह मिश्रण हल्का गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें. ठंडा होने पर इसे छोटे-छोटे मनपसंद शेप दें और ऊपर से पिस्ता लगाकर सजाएं.
रागी और तिल से तैयार करें हेल्दी लड्डू
अगर आप इस दिवाली कुछ अलग मिठाई बनाना चाहते हैं, तो रागी और तिल के लड्डू भी ट्राय कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में रागी का आटा डालकर धीमी आंच पर भून लें. अब इसमें सफेद तिल डालकर कुछ देर और भूनें. इसके बाद खजूर को मिक्सी में पीसकर उसका पेस्ट बना लें. अब रागी और तिल के मिश्रण में खजूर का पेस्ट, थोड़े कटे हुए बादाम और इलायची पाउडर डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अगर मिश्रण ज्यादा ड्राय लगे, तो इसमें थोड़ा सा घी डाल सकते हैं. अब हल्का गर्म होने पर हाथों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें. तैयार लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं.


















