Health Tips : ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने के लिए 5 योगासन, सुस्ती होगी दूर और चेहरे पर आएगी चमक

.

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सर्दी के मौसम में हमारी फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती है। हम ज्यादातर समय बैठकर बिताते हैं या रजाई में लेटकर। इसके कारण शरीर का ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है। इसके अलावा, ठंडे मौसम के कारण ब्लड वेसल्स भी सिकुड़ जाती है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है।

लेकिन रोजाना कुछ आसान योगासन (Yoga for Blood Circulation) करके, शरीर के सर्कुलेशन को फिर से बेहतर बनाया जा सकता है। आइए जानें ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने के लिए कुछ योगासन।

ताड़ासन

यह बेहद आसान योगासन है, जो पूरे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है। साथ ही, यह बॉडी पोस्चर में भी सुधार करता है।

कैसे करें- सीधे खड़े होकर अपने हाथों को ऊपर उठाएं और उंगलियों को आपस में फंसा लें। अब एड़ियों को उठाते हुए पूरे शरीर को ऊपर की ओर खींचें।

अधोमुख श्वान आसन

यह आसन सर्दियों के लिए रामबाण माना जाता है, क्योंकि इसमें आपका सिर दिल के स्तर से नीचे होता है। इससे सिर की ओर ब्लड फ्लो बढ़ता है और सर्दियों में होने वाली सुस्ती दूर होती है।

कैसे करें- अपने हाथों और पैरों के बल जमीन पर झुकें और कूल्हों को ऊपर की ओर उठाएं, जिससे शरीर का आकार ‘V’ जैसा बन जाए।

भुजंगासन

छाती और फेफड़ों को खोलने के लिए यह सबसे बेहतरीन आसन है। यह रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है और रेस्पिरेटरी सिस्टम को मजबूत करता है, जिससे रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है।

कैसे करें- पेट के बल लेट जाएं और हथेलियों को कंधों के पास रखकर शरीर के अगले हिस्से (छाती तक) को ऊपर उठाएं। ऊपर की ओर देखें।

वीरभद्रासन

यह आसन शरीर में गर्मी पैदा करता है, जो सर्दियों में बेहद जरूरी है। यह टांगों और बाहों की मांसपेशियों को एक्टिव करता है और दिल की गति को थोड़ा बढ़ाकर ब्लड सर्कुलेशन तेज करता है।

कैसे करें- अपने पैरों को फैलाएं, एक घुटने को 90 डिग्री पर मोड़ें और हाथों को आसमान की तरफ सीधा तानें।

सर्वांगासन

यह पूरे शरीर के सिस्टम को रीसेट कर देता है। यह ग्रैविटी के विपरीत ब्लड को पैरों से दिल और दिमाग की ओर भेजता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और त्वचा पर चमक भी आती है।

कैसे करें- पीठ के बल लेटकर अपने पैरों और कूल्हों को ऊपर उठाएं और हाथों से कमर को सहारा दें। पूरा वजन कंधों पर होना चाहिए।

जरूरी टिप्स

वॉर्म-अप जरूरी- सर्दियों में मांसपेशियां सख्त होती हैं, इसलिए योगासन शुरू करने से पहले 5-10 मिनट हल्की एक्सरसाइज जरूर करें।
सावधानी- अगर आपको हाई ब्लड प्रेशर, कमर दर्द या दिल से जुड़ी कोई समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह के बिना इन आसनों को न करें।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment