🏏
WI vs SA Match; Team India T20 World Cup Semifinal Scenario: सुपर-8 के ग्रुप-1 का समीकरण इस समय बेहद पेचीदा है. फिलहाल वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका अपने-अपने पहले मैच जीतकर टॉप-2 में काबिज हैं. भारत अपना पहला मैच अफ्रीका से हार चुका है और उसका रनरेट काफी नीचे है.
Why WI vs SA Match Important for Team India T20 World Cup Semifinal Scenario: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर है. गुरुवार (26 फरवरी) को चेन्नई के चेपॉक मैदान पर भारत और जिम्बाब्वे के बीच ‘करो या मरो’ का मुकाबला होना है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इस मैच की पहली गेंद डलने से पहले ही टीम इंडिया की किस्मत का फैसला काफी हद तक हो चुका होगा. दरअसल, भारतीय फैंस की धड़कनें सिर्फ अपने मैच के लिए ही नहीं, बल्कि उससे पहले होने वाले साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले के लिए भी तेज हैं.
क्यों अहम है विंडीज-अफ्रीका का मुकाबला?
सुपर-8 के ग्रुप-1 का समीकरण इस समय बेहद पेचीदा है. फिलहाल वेस्टइंडीज (+5.350) और साउथ अफ्रीका (+3.800) अपने-अपने पहले मैच जीतकर टॉप-2 में काबिज हैं. भारत अपना पहला मैच अफ्रीका से हार चुका है और उसका रनरेट (-3.880) काफी नीचे है. ऐसे में अगर आज साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज को हरा देती है, तो भारत के लिए सेमीफाइनल की राह आसान हो जाएगी. अगर अफ्रीका अपने बचे हुए दोनों मैच विंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ जीतती है, तो उसके 6 अंक हो जाएंगे. इसके बाद भारत अगर जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हरा देता है, तो वह 4 अंकों के साथ सीधे दूसरे नंबर पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.
अगर वेस्टइंडीज जीता, तो फंस जाएगा पेच
असली सिरदर्द तब शुरू होगा जब आज के मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम साउथ अफ्रीका को मात देती है और साउथ अफ्रीकी टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के पास 4-4 अंक होंगे. ऐसे में बेहतरीन नेट रन रेट वाली दो टीमें सेमीफाइनल में होंगी. नॉकआउट में पहुंचने के लिए भारत को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.
ग्रुप-1 की वर्तमान स्थिति पर एक नजर
वेस्टइंडीज: 1 मैच, 2 अंक (रनरेट +5.350)
साउथ अफ्रीका: 1 मैच, 2 अंक (रनरेट +3.880)
भारत: 1 मैच, 0 अंक (रनरेट -3.880)
जिम्बाब्वे: 1 मैच, 0 अंक (रनरेट -5.350)
ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने मारी बाजी
वहीं दूसरी तरफ, ग्रुप-2 से इंग्लैंड सेमीफाइनल का टिकट कटाने वाली पहली टीम बन गई है. उसने अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर 4 अंक हासिल कर लिए हैं. पाकिस्तान के लिए राहें लगभग बंद हो चुकी हैं, क्योंकि बारिश और इंग्लैंड से मिली हार ने उनके समीकरण बिगाड़ दिए हैं.










