IPL 2026 : रिंकू और वरुण ने दिलाई कोलकाता को पहली जीत, राजस्थान की लगातार दूसरी हार..पढ़ें पूरी समाचार

🏏

KKR vs RR Match Result: कोलकाता की ये जीत रिंकू सिंह के पहले अर्धशतक के दम पर आई, जो टीम की तरह खुद इस सीजन में अभी तक संघर्ष कर रहे थे.


कोलकाता नाइट राइडर्स को आखिरकार आईपीएल 2026 सीजन में पहली जीत नसीब हो गई. वरुण चक्रवर्ती (3/14) की घातक गेंदबाजी और फिर रिंकू सिंह (53 नाबाद) की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के दम पर कोलकाता ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हरा दिया. इस तरह अजिंक्य रहाणे की टीम ने 7 मैच में 5 हार के बाद अपनी जीत का खाता खोला. लगातार दूसरे मैच में राजस्थान की बैटिंग फेल रही और वो 155 रन ही बना सकी. इसके जवाब में कोलकाता ने आखिरी ओवर में जीत अपने नाम की. राजस्थान की ये लगातार दूसरी हार है.


वरुण के जाल में फंसे राजस्थानी बल्लेबाज

राजस्थान रॉयल्स के लिए एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने दमदार शुरुआत की और 81 रन की बेहतरीन साझेदारी की. हालांकि, इस बार ये साझेदारी बाकी मुकाबलों जैसी विस्फोटक नहीं थी और इसकी एक वजह वैभव की संभली हुई बल्लेबाजी भी थी, जिन्होंने 28 गेंदों में 46 रन बनाए. मगर वरुण चक्रवर्ती ने वैभव को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और इसके बाद कोलकाता की वापसी कराई.

खराब फॉर्म के कारण टीम से ड्रॉप होने वाले स्पिनर वरुण ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर राजस्थान के शीर्ष-4 में से 3 विकेट हासिल किए. वहीं कार्तिक त्यागी (3/22) और सुनील नरेन (2/26) ने भी बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए राजस्थान को सिर्फ 155 रन पर रोकने में बड़ी भूमिका निभाई. राजस्थान के लिए वैभव (46) और यशस्वी (39) के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया.


KKR का टॉप ऑर्डर फिर फेल

हालांकि, जवाब में इस बार भी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत खराब रही और पहली ही गेंद पर ओपनर टिम साइफर्ट को जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड कर दिया. वहीं कप्तान रहाणे लगातार दूसरे मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे. वहीं सातवें ओवर तक कैमरन ग्रीन (27) और अंगकृष रघुवंशी (10) भी पवेलियन लौट गए थे. कोलकाता की हालत इसके बाद भी नहीं सुधरी और सिर्फ 85 रन तक 6 विकेट लुढ़क चुके थे. टीम की इस सीजन में छठी हार तय नजर आ रही थी. ऐसे वक्त में रिंकू सिंह ने वो काम किया, जिसने उन्हें KKR में स्टार बनाया था.

रिंकू ने दिखाया फिनिशर वाला रूप

जब कोलकाता को 36 गेंदों में 59 रन की जरूरत थी, तब रिंकू ने पारी को संभाला और फिर अटैक करते हुए टीम की मैच में वापसी कराई. इस दौरान उन्हें अनुकूल रॉय का भी अच्छा साथ मिला. इस पूरे सीजन में अभी तक फेल रहे रिंकू और अनुकूल (29 नाबाद) ने आखिरकार टीम को 20वें ओवर में जीत दिला ही दी. 19वें ओवर में जहां अनुकूल ने आर्चर पर एक बेहतरीन छक्का लगाया तो वहीं रिंकू ने आखिरी ओवर में लगातार 2 चौके लगाए. 20वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर रिंकू ने टीम को जीत दिलाई और साथ ही 34 गेंदों में इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment