CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे कहीं-कहीं जारी रहेगी बारिश..मौसम का मिजाज मिला- जुला रहेगा..मौसम विभाग ने वज्रपात की भी चेतावनी दी

🇮🇳

Chhattisgarh Weather Update/रायपुर। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अभी जारी हैं। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ एक-दो जगह गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बौछारें पड़ सकती हैं।

इस दिशा में बढ़ रहा कम दबाव का क्षेत्र

वहीं मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसके चलते प्रदेश में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

कम दबाव का क्षेत्र बढ़ाएगा बारिश के आसार

दरअसल, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को भी सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ने की संभावना है।

पेंड्रा सबसे ठंडा, जगदलपुर सबसे गर्म

हालांकि, शनिवार को तापमान के लिहाज से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अंतर देखने को मिला। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 23.8 डिग्री दर्ज हुआ, दोनों सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहे। बिलासपुर में 20 मिलीमीटर, जगदलपुर में 10.6 मिलीमीटर और दुर्ग में 10.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा लोरमी, दरिमा और कुमारदा में 10-10 मिलीमीटर रही।

रविवार को रायपुर में एक-दो बार बौछार की संभावना

फिलहाल, राजधानी में रविवार को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने का अनुमान है। सुबह से आसमान में बादलों की मौजूदगी रह सकती है। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment