🇮🇳
CG Weather Today : रायपुर. छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है. सक्रिय मानसून से पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसमी सब-डिविज़नल वर्षा सामान्य रही है, जिसमें प्रतिशत की कमी है. इस बीच राजधानी रायपुर में एक दिन में छह डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. मौसम विभाग ने राजधानी समेत कई इलाकों में आज बारिश की संभावना जताई है.
ज्ञात हो कि, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री राजनांदगांव और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया.
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?
वहीं, राजधानी रायपुर में 5 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा. एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
शुक्रवार को किन इलाकों में हुई बारिश
दरअसल, राजधानी रायपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई. राजिम में सर्वाधिक 6 सेमी बारिश दर्ज की गई. गोबरा नवापारा और कुरूद में 5-5 सेमी पानी गिरा. भखारा, अभनपुर, मगरलोड, रायपुर शहर, पाटन और लाभांडीह में 4-4 सेमी बारिश हुई. दरिमा में 3 सेमी, धमतरी, माना रायपुर एयरपोर्ट, राजपुर, मंदिर हसौद, आरंग और छुरा में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम प्रणाली
फिलहाल, मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य हिस्सों और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र उसी इलाके में बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है. इसके अगले 2 दिनों तक लगभग स्थिर रहने की संभावना है.


















