Commonwealth Games: झंडू कुमार ने जीता भारत के लिए पहला मेडल, प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप-10 में हुई एंट्री

👇

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारत ने कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2026 के दूसरे दिन का अंत एक मेडल और कई दमदार प्रदर्शन के साथ किया। झंडू कुमार ने पावर पैरालिफ्टिंग में ब्रॉन्‍ज मेडल जीतकर ग्‍लास्‍गो में भारत के मेडल का खाता खोला। इसके अलावा स्विमिंग (तैराकी), बॉक्सिंग (मुक्‍केबाजी) और लॉन बॉल्‍स में भारतीय एथलीट्स ने दमदार प्रदर्शन किया।

झंडू कुमार ने दिलाई सफलता

झंडू कुमार ने भारत की मेडल संख्‍या का खाता खोला और पुरुषों के हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्‍पर्धा में ब्रॉन्‍ज मेडल जीता। पोलियो से उबरने वाले 28 साल के कुमार ने 181 किग्रा और 190 किग्रा के वजन सफलतापूर्वक उठाकर 130.9 प्‍वाइंट्स बनाए।

वो 196 किग्रा का निर्णायक प्रयास पूरा नहीं कर सके। इस स्‍पर्धा में भारत के अन्‍य एथलीट सुधीर थे, जो 114.1 अंक के साथ छठे स्‍थान पर रहे। नाइजीरिया के इदरिस रिलुवान ने 132.8 प्‍वाइंट्स के साथ गोल्‍ड मेडल जीता। मैथ्‍यू हार्डिंग ने 131 अंक के साथ सिल्‍वर मेडल जीता।

अशोक मलिक मेडल से चूके

पुरुषों की लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्‍पर्धा में भारत मेडल जीतने से चूक गया। अशोक मलिक 143.8 अंक के साथ चौथे स्‍थान पर रहे। इसमें इंग्‍लैंड के मार्क स्‍वान ने 153.9 अंक के साथ गोल्‍ड मेडल जीता। नाइजीरिया के रोलांड इजुरुइके ने सिल्‍वर और मलेशिया के बोनी बुनयाओ गस्टिन ने ब्रॉन्‍ज मेडल जीता। भारत के परमजीत कुमार सातवें स्‍थान पर रहे। वो 135.6 प्‍वाइंट्स हासिल कर सके।

बुदीनिगा भी मेडल नहीं दिला पाए

भारत एक और मेडल जीतने के करीब पहुंचा, जब कार्तिक बुदीगिना पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्‍टाइल एस13 फाइनल स्‍पर्धा में चौथे स्‍थान पर रहे। बुदीगिना ने 57.57 सेकंड में अपना लैप पूरा किया जबकि टीम के साथी इमाम अली ने 1:03.73 के समय के साथ रेस पूरी की और सातवें स्‍थान पर रहे।

दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेंड्रिक्‍स ने 54.54 सेकंड्स में लैप पूरा करके गोल्‍ड मेडल जीता। स्‍कॉटलैंड के स्‍टीफन क्‍लेग ने सिल्‍वर अपने नाम किया। इंग्‍लैंड के मैथ्‍यू रेडफर्न ने ब्रॉन्‍ज मेडल जीता। बता दें कि ए13 श्रेणी दृष्टिबाधित एथलीट्स के लिए होती है।

दिन की शुरुआत में बुदीगिना और इमाम अली दोनों ने फाइनल में प्रवेश किया। हीट्स के समय बुदीगिना 57.10 सेकंड्स समय के साथ तीसरे स्‍थान पर रहे। वहीं, इमाम अली ने 1:05.32 सेकंड्स के साथ क्‍वालीफाई किया।

जादूमनी सिंह की प्री-क्‍वार्टर फाइनल में प्रवेश

भारतीय बॉक्‍सर जादूमनी सिंह ने पुरुषों की 55 किग्रा श्रेणी में विजयी शुरुआत की। उन्‍होंने स्‍कॉटलैंड के आरोन कलेन को अंतिम-32 में मात दी और प्री-क्‍वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जादूमनी सिंह को सर्वसम्मित से विजेता चुना गया। अब उनका सामना पाकिस्‍तान के सुमामा रहमान से होगा।

श्रीहरि नटराज फाइनल से चूके

श्रीहरि नटराज का अभियान सेमीफाइनल में समाप्‍त हुआ। स्विमिंग में पुरुषों की 50 मीटर बैकस्‍ट्रोक स्‍पर्धा में भारतीय तैराक सातवें स्‍थान पर रहे। नटराज ने 25.29 सेकंड में हीट पूरी की और फाइनल के लिए क्‍वालीफाई नहीं कर सके।

साउथ अफ्रीका के पीटर कोएत्‍जे ने 24.29 सेकंड्स में हीट पूरी करके सबसे तेज फाइनल के लिए क्‍वालीफाई किया। साउथ अफ्रीका के रुअर्ड वान रेनेन (24.56) और इंग्‍लैंड के ओलीवर मोर्गन (24.65) क्रमश: दूसरे व तीसरे स्‍थान पर रहे।

लॉन बॉल्‍स में दमदार प्रदर्शन

भारत ने लॉन बॉल्‍स में एक और शानदार दिन बिताया। रुपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की महिला पेयर्स टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने स्‍कॉटिश इवेंट कैंपस हॉल 3 में सेक्‍शन बी के अपने मैच में साउथ अफ्रीका को 2-0 (6-4, 7-5) से मात दी।

पुरुष सिंगल्‍स में पुतुल सोनोवाल ने फाकलैंड आइलैंड के सेसिल एलेक्‍सेंडर को टाई-ब्रेक में मात दी। सेट में स्‍कोर 1-1 से बराबर था। सोनेवाल ने 3-4 से पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करके पहला सेट 7-5 से अपने नाम किया। फिर एलेक्‍सेंडर ने दूसरा सेट 8-6 से जीता। भारतीय एथलीट ने टाइ-ब्रेक में साहस रखा और जीत दर्ज की।

प्‍वाइंट्स टेबल का हाल

भारत ने एक मेडल जीतने के साथ ही कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2026 की प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप-10 में एंट्री कर ली है। भारत एक ब्रॉन्‍ज मेडल के साथ 9वें स्‍थान पर पहुंच गया है। ऑस्‍ट्रेलिया कुल 13 मेडल के साथ शीर्ष स्‍थान पर काबिज है। पता हो कि ग्‍लास्‍गो कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में कुल 74 देशों ने हिस्‍सा लिया है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment