🏏
Abhishek Porel Arrested: आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (Abhishek Porel) को मंगलवार को पुलिस ने यौन-उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ एक मेडिकल छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप है. ABP आनंदा की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह ही कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है. 23 वर्षीय अभिषेक घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए खेलते हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस क्रिकेटर को पुलिस ने हुगली जिले से गिरफ्तार किया.
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
उन पर एक युवा महिला ने आरोप लगाया है कि इस क्रिकेटर ने शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उनके निजी पलों की तस्वीरें भी मोबाइल में कैद कीं. महिला ने आरोप लगाया कि यह क्रिकेटर अब आपत्तिजनक तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी दे रहा है. इस क्रिकेटर पर धारा 19 के तहत मामला दर्ज किया गया है और ये सभी अपराध गैर-जमानती धाराओं की श्रेणी में आते हैं.
हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद कार्रवाई
हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (SP) कुनार भूषण सिंह ने पीटीआई को बताया, ‘उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उन्हें गिरफ्तार करने का अदालत का आदेश था. उन्हें सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया. उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा.’
चिनसुरा की कोर्ट में पेशी
पोरेल को मोगरा पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार किया और उन्हें मंगलवार को बाद में चिनसुरा की एक कोर्ट में पेश किया जा सकता है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने क्रिकेटर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के कई प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें धारा 69 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के प्रावधान भी शामिल है.
कर्नाटक की महिला ने दर्ज कराई शिकायत
कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे लगभग साढ़े तीन साल से रिलेशनशिप में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू की. इसके बाद पुलिस टीमें चंदननगर में पोरेल के घर कई बार गईं लेकिन वह वहां नहीं मिले. पोरेल और उनके परिवार की प्रतिक्रिया का इंतजार है.
2022 में बंगाल के लिए किया डेब्यू
बता दें अभिषेक ने अभिषेक ने साल 2022 में ही बंगाल की ओर से प्रथम श्रेणी, लिस्ट A और टी20 फॉर्मेट में खेलना शुरू किया था. करियर की शुरुआत में ही उनके खेल में वह आकर्षण दिखा, जिससे जानकार इम्प्रेस हुए और अगले ही साल उन्हें आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (DC)की टीम में चुन लिया गया. वह बीते 4 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का ही हिस्सा हैं और उन्हें हर बार मैच खेलने का मौका मिला है.
IPL में खेल चुके हैं 35 मैच
अब तक खेले 35 मैचों के IPL करियर में उन्होंने 4 हाफ सेंचुरी समेत कुल 769 रन बनाए हैं. इसके अलावा 32 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम 1 शतक और 12 हाफ सेंचुरी के साथ 1408 रन, 23 लिस्ट A में 833 रन (2 शतक और 5 हाफ सेंचरी) भी दर्ज हैं.


















