जशपुर के मधु और कबीरधाम के गीता दिखाएंगी अपनी जलवा..भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुईं शामिल, डिप्टी CM साव ने दी बधाई

👇

Chhatisgarh News/रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश की दो होनहार हॉकी खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और अपनी जलवा दिखाएंगी।


बता दें कि, बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रहीं गीता यादव और मधु सिदार के चयन पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयन के लिए बधाई दी। उन्होंने जूनियर एशिया कप में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी भी ली।


खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

खेल अकादमी में निखरी दोनों खिलाड़ियों की प्रतिभा

वहीं, भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां वे वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में हॉकी की बारीकियां सीख रही हैं।

किसान परिवार से निकली मधु का टीम इंडिया तक सफर

बता दें कि, जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार ने अपनी मेहनत और लगन से भारतीय टीम तक का सफर तय किया है। हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले जशपुर क्षेत्र से आने वाली मधु के माता-पिता कृषक हैं।

हालांकि, मधु सब-जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैम्पियनशिप-2025 में हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी टीम ने आंध्र प्रदेश में 1 अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया था।

ज्ञात हो कि, मधु ने इसी वर्ष मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी भाग लिया था। वर्तमान में वह अप्रैल 2026 से बेंगलुरू में भारतीय टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।


गीता यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

वहीं, कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। गीता का अंतरराष्ट्रीय हॉकी करियर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने 12 नवंबर से 21 नवंबर 2024 तक नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

दरअसल, इसके बाद उन्होंने 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना दौरे और 5 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

फिलहाल, छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों के चयन को प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में मधु और गीता के प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment