🏏
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कप्तान रजत पाटीदार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए प्लेऑफ/नॉकआउट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने धर्मशाला में 33 गेंद में 93 रन बनाए।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने मंगलवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहम मुकाबले में बेहतरीन पारी खेली। वह बेंगलुरु के लिए प्लेऑफ/नॉकआउट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। धर्मशाला में खेले जा रहे मुकाबले में रजत पाटीदार ने 21 गेंद में 50 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी के दौरान चार चौके और 6 छक्के लगाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए। रजत ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए।
आईपीएल प्लेऑफ्स/एलिमिनेटर में सबसे तेज फिफ्टी
आईपीएल के इतिहास में प्लेऑफ्स/एलिमिनेटर में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम है। रैना ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 2014 में 16 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। एडम गिलक्रिस्ट ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2009 में 17 गेंद में 50 रन बनाए। एमएस धोनी ने 2012 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 गेंदों में ये कारनामा किया था। ड्वेन स्मिथ ने चेन्नई के खिलाफ 2013 में 21 गेंद में 50 रन बनाए। वीरेंद्र सहवाग ने चेन्नई के खिलाफ 2014 में 21 गेंद में 50 रन बनाए थे। वहीं रजत पाटीदार ने भी गुजरात के खिलाफ 21 गेंदों में ये कमाल किया।
रजत शतक से चूके
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने धर्मशाला में धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने 33 गेंद में 93 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के जड़े। हालांकि वह शतक से सिर्फ सात रन से चूक गए। रजत नाबाद लौटे। रजत पाटीदार टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 200 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
आईपीएल प्लेऑफ में बतौर कप्तान हाईएस्ट स्कोर
दरअसल, रजत पाटीदार ने अपनी दमदार पारी के दौरान एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह आईपीएल प्लेऑफ में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ नाबाद 93 रन बनाए। इससे पहले डेविड ने 58 गेंद में नाबाद 93 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर ने मुंबई के खिलाफ 41 गेंद में 87 रन की पारी खेली थी। एडम गिलक्रिस्ट ने 35 गेंद में 85 रन ठोके थे। केएल राहुल ने बेंगलुरु के खिलाफ 58 गेंद में 79 रन की पारी खेली। डेविड वॉर्नर ने बेंगलुरु के खिलाफ 38 गेंद में 69 रन ठोके। रोहित ने दिल्ली के खिलाफ 51 गेंद में 68 रन बनाए थे।
फिलहाल, कप्तान रजत पाटीदार की नौ छक्कों की मदद से 93 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल के क्वालीफायर एक में मंगलवार को पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर बना लिया।


















