👇
बागबहार/पत्थलगांव/जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के बागबहार स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब की अधिक कीमत के बिक्री से मदिरा प्रेमियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्राहकों का आरोप है कि दुकान में पदस्थ कर्मचारियों द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक कीमत वसूल की जा रही है, जिससे लगातार विवाद की स्थिति बन रही है।
ज्ञात हो कि, कई ग्राहकों ने शिकायत की है कि शराब की बोतलों पर अंकित मूल्य से अधिक राशि ली जा रही है। जब ग्राहक अधिक कीमत का विरोध करते हैं तो कर्मचारियों के साथ उनका विवाद भी हो जाता है। बताया जा रहा है कि इस तरह के विवाद कई बार हो चुके हैं और कुछ मामलों में बात थाने तक भी पहुंच गई।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत होने के बाद भी स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हुआ है। जब मामला थाने तक पहुंचता है तो संबंधित कर्मचारी अपनी नौकरी बचाने के लिए माफी मांग लेते हैं और किसी तरह शिकायत वापस करवाने का प्रयास करते हैं। इसके बाद मामला शांत तो हो जाता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से ओवर रेट की शिकायत सामने आने लगती है।
दरअसल, ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया है कि दुकान में पदस्थ कुछ कर्मचारियों का व्यवहार ग्राहकों के प्रति ठीक नहीं है। कई बार ग्राहकों के साथ अभद्रता करने की शिकायत भी सामने आई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
फिलहाल, स्थानीय लोगों और ग्राहकों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि मामले की जांच कर निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मदिरा दुकान में पारदर्शिता बनी रहे और ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


















