Jashpur News : कलेक्टर व्यास की अध्यक्षता बैठक में सड़क सुरक्षा पर सख्ती..बिना लाइसेंस और ओवरस्पीड पर कार्रवाई के निर्देश..पढ़ें पूरी ख़बर

👇

जशपुर नगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।

ज्ञात हो कि,  कलेक्टर रोहित व्यास ने दुर्घटनाओं के मामलों में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि एम्बुलेंस समय पर पहुंचकर घायलों को जल्द उपचार मिल सके। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू सहित सभी एसडीएम, एसडीओपी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ओवरस्पीड, बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग और अन्य नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बार-बार नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएं। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि कोई भी व्यक्ति बिना लाइसेंस वाहन न चलाए। परिवहन विभाग को स्कूल और कॉलेजों में लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि छात्र-छात्राएं विधिवत लाइसेंस प्राप्त कर सकें।

दरअसल, कलेक्टर ने सरकारी कार्यालयों में आने वाले कर्मचारियों के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट की समीक्षा भी की गई। लोरो बगीचा, बघिमा, केसरा, भीमसीला, हर्राडीपा और चराईडांड जैसे क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से संकरे पुलों के पास रंबल स्ट्रिप लगाने, स्पीड नियंत्रण उपाय लागू करने और सोलर लाइट की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।


फिलहाल, सड़कों पर आवश्यक संकेतकों जैसे रोड मार्किंग, साइन बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि इन व्यवस्थाओं के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है। बैठक में सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन का मानना है कि सख्त कार्रवाई और जागरूकता दोनों के माध्यम से ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment