👇
कांसाबेल/जशपुरनगर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के विकासखंड कांसाबेल संकुल बटईकेला के अंतर्गत प्राथमिक शाला महुआटोली में पदस्थ सहायक शिक्षिका कु. किरण बाई के असामयिक निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर है। विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से आने वाली किरण बाई का स्वास्थ्यगत कारणों से विगत दिनों निधन हो गया था। उनके निधन पर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।
शिक्षकों और विभाग ने पेश की संवेदनशीलता की मिसाल
वहीं, फेडरेशन की पहल पर विकासखंड के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा ₹11,252 की संवेदना राशि एकत्रित की गई। फेडरेशन की टीम ने मृतिका के गृह ग्राम पंडरापाठ (ऊपर सेमरा) पहुँचकर उनके पिता श्री सुधु राम को यह राशि सौंपी और सांत्वना दी।
ज्ञात हो कि, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल राम जी की त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता के चलते फेडरेशन की पहल पर ₹50,000 की अग्रिम सहायता राशि भी सीधे उनके पिता के खाते में जमा कराई गई है। इस तरह परिवार को कुल ₹61,252 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
दरअसल, शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुँचे फेडरेशन के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
▪️प्रेम शंकर यादव (अध्यक्ष, फेडरेशन)
▪️गुल सागर पैंकरा (सचिव)
▪️विरेंद्र एक्का (सह सचिव)
▪️रवि किरण डनसेना (जिला संगठन मंत्री)
▪️मुकेश गुप्ता (जोन प्रभारी)
▪️जितेंद्र पैंकरा (संकुल अध्यक्ष)
▪️बगीचा ब्लॉक टीम से पुरेंदर यादव एवं राकेश सिंह।
फिलहाल, “दुःख की इस घड़ी में समूचा शिक्षा विभाग और फेडरेशन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। किरण बाई का जाना हमारे विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है।” — फेडरेशन पदाधिकारी










