जंतर-मंतर पर FRS कैमरों से नजर..अभी भी 10 हजार लोग मौजूद..2 हजार से ज्यादा संदिग्ध लोगों की पहचान..3 हजार पुलिसकर्मी तैनात

👇

दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुए झड़प में 130 पुलिसकर्मी घायल हुए जबकि 65 छात्र भी जख्मी बताए जा रहे हैं. प्रदर्शनस्थल पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है.

दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है. देशभर के युवा और छात्र इस प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं, जिसे देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है. हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस मुद्दे को लेकर जमकर राजनीति भी हो रही है.


हालांकि इस बीच प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा में तैनात दिल्ली पुलिस के करीब 130 जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. वहीं, करीब 65 छात्रों के भी जख्मी होने की बात कही जा रही है. प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर पुलिस ने अब तक 15 FIR दर्ज की हैं.



Students protest in Delhi | Delhi Police Sources say – 130 Police personnel have been injured. 15 FIRs have been registered. About 65 students were injured in the protest. Around 10,000 people on average are present at and around Jantar Mantar, 3000 Police personnel deployed pic.twitter.com/eI8csRNQdR

— ANI (@ANI) July 25, 2026


करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात

वहीं, विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक जंतर-मंतर और इसके आसपास रोजाना औसतन करीब 10 हजार लोग मौजूद हैं. प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इलाके में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके.

फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से निगरानी
दरअसल, प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पहुंचने वाले लोगों पर खास तौर से निगरानी रख रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) वाले कैमरों की मदद ली जा रही है. बताया जा रहा है कि इन कैमरों के जरिए पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर रही है, जिनका पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जो प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे हैं.

2 हजार से ज्यादा संदिग्ध लोगों की पहचान

फिलहाल, दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से अब तक 2 हजार से ज्यादा ऐसे लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जो जंतर-मंतर पहुंचे हैं. बताया जा रहा है कि पहचान किए गए कुछ लोगों पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा जैसी स्थिति पैदा करने और भीड़ को उकसाने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि इन लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment