👇
दिल्ली। सोनू सूद की प्रतिक्रिया के बाद यह बहस और तेज हो गई है. सोशल मीडिया पर कई लोग उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग कंगना के पक्ष में भी तर्क दे रहे हैं.
कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी से BJP सांसद हैं.
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने BJP सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत के Gen Z को लेकर दिए गए विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. कंगना ने हाल ही में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के संदर्भ में Gen Z को Generation Gutter कहा था. इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई, जिस पर अब सोनू सूद ने भी अपनी राय रखी है. सोनू सूद ने कहा कि इस तरह पूरे युवा वर्ग को एक साथ निशाना बनाना “शर्मनाक” है.
सूद ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को बोलने से पहले अपने शब्दों का चयन बेहद सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि उनके बयान लाखों लोगों को प्रभावित करते हैं. एक्टर ने यह भी कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं और उन्हें सम्मान के साथ देखा जाना चाहिए.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन और कुछ आपत्तिजनक नारों का जिक्र करते हुए Gen Z पर निशाना साधा. उन्होंने इस पीढ़ी को Generation Gutter बताते हुए उन पर पढ़ाई में कमजोर, नैतिक रूप से गिरा हुआ और पारिवारिक जिम्मेदारियों के योग्य न होने जैसे आरोप लगाए. उनके इन बयानों की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई.
GenZ के लिए कंगना ने क्या कहा?
पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद से ही कंगना रनौत लगातार सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी और स्टूडेंट प्रोटेस्ट के खिलाफ बयान दे रही हैं. मंगलवार को कंगना ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “प्रोटेस्टर्स जो सड़कों पर आम लोगों द्वारा पीटे जा रहे हैं और गाली खा रहे हैं, उनकी घटिया और अब्यूसिव रील की वजह से, उन्हें समझना चाहिए कि जब बोलते हो तो सुनना भी पड़ेगा. अगर तुमको देश और लीडरशिप से प्रॉब्लम है, तुमने पब्लिकली खूब गंदी गंदी गालियां दी तो अब उनकी सुनो जो देश से प्यार करते हैं. इस सरकार को वोट की पावर से लेकर आए हैं, क्योंकि बोलने का हक उनको भी है.”
कंगना ने बयान पर दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद कंगना ने अपने बयान का बचाव भी किया. उन्होंने कहा कि उनका निशाना पूरी युवा पीढ़ी नहीं, बल्कि वे लोग थे जो सार्वजनिक जीवन में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं. एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि किसी को भी सड़क पर आकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है.
CJP के सौरव दास को बताया था बेकार
इससे पहले कंगना ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास के लिए अपशब्द कहे थे. उन्होंने कहा था कि सौरव बेरोजगार और बेकार हैं. उनकी उम्र तक वो 2 नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी थीं. कंगना ने लिखा, “जो व्यक्ति पूरी तरह बेकार और बेरोजगार हो, वह कभी नहीं समझ सकता कि किसी भी उम्र में हर समय इतनी ज्यादा डिमांड में रहने का क्या मतलब होता है. डियर सौरव दास, तुम्हारी प्रॉब्लम पर्सनल हैं. तुम स्टूडेंट नहीं हो, तुम सिर्फ बेकार हो. चलो स्किल्स सीखने से शुरू करते हैं, शुरुआत करने के लिए यह एक अच्छी जगह है.”
सौरव दास ने दिया था रिप्लाई
सौरव दास ने कंगना के लिए कहा, “वो पॉलिटिशियन हैं, नेता भी बन गई हैं. उनके तो कुछ वीडियो भी हैं, जब वो मंडी गई थीं. उन्होंने कहा था कि मैंने तो सोचा था कि थोड़ा बहुत काम करना पड़ेगा, यहां तो सांसद बनकर इतना काम करना पड़ता है. ये उनकी सीरियसनेस दिखाता है. वो हमें अनसीरियस बोल रही हैं, उन्होंने खुद को ही एक्सपोज कर दिया था.”
सौरव ने कहा था, “शब्दावली संभाल लेना चाहिए नेताओं को. पद की गरिमा बनाकर रखना चाहिए. आपसे कहीं गुना ज्यादा जेन जी ने देश के लिए किया और कर रहे हैं. देश के लोकतंत्र पर भरोसा जगाने का काम जेन जी ने किया है, आपने नहीं.”


















