👇
हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। अगर सीढ़ियां चढ़ते समय आपकी सांस बार-बार फूल जाती है, तो इसे सिर्फ थकान या बढ़ती उम्र समझकर नजरअंदाज न करें. डॉक्टर के मुताबिक यह दिल, फेफड़ों या खून की कमी जैसी गंभीर समस्याओं का शुरुआती संकेत भी हो सकता है.

आजकल लगभग हर किसी की लाइफस्टाइल बेहद खराब हो गई है, देर तक जागना, बाहर का खाना, लंबा स्क्रीन टाइम और न जाने क्या-क्या, ऐसे में इसका असर हमारे शरीर पर साफ नजर आता है. इसके चलते कई बार सीढ़िया चढ़ते वक्त सांस फूलने लगती है. आइए डॉ. ऋषि यादव (सलाहकार – पल्मोनोलॉजी, यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल आगरा) से जानते हैं कि क्या हमेशा सीढ़िया चढ़ते वक्त सांस फूलना नॉर्मल है?
वहीं डॉ. ऋषि यादव ने बताया कि सीढ़ियां चढ़ते समय हल्की सांस फूलना सामान्य बात हो सकती है, खासकर यदि आपने लंबे समय से व्यायाम नहीं किया है, लेकिन यदि कुछ ही सीढ़ियां चढ़ने पर बार-बार सांस फूलने लगे, सीने में भारीपन महसूस हो या थकान असामान्य रूप से बढ़ जाए, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. यह शरीर का एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है कि अंदरूनी स्वास्थ्य में कोई समस्या विकसित हो रही है.
फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां-
सांस फूलने की सबसे आम वजहों में हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां शामिल हैं, यदि हृदय शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त पंप नहीं कर पा रहा है, तो शरीर को ऑक्सीजन कम मिलने लगती है, जिससे थोड़ी-सी मेहनत करने पर भी सांस फूलने लगती है, वहीं अस्थमा, सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) या फेफड़ों के संक्रमण जैसी समस्याएं भी इस लक्षण का कारण बन सकती हैं.
इसके अलावा एनीमिया (खून की कमी) होने पर शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता कम हो जाती है, जिससे व्यक्ति को सीढ़ियां चढ़ने, तेज चलने या हल्का काम करने पर भी सांस लेने में परेशानी महसूस हो सकती है, मोटापा, शारीरिक निष्क्रियता और बढ़ती उम्र भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं.
ये लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल भागें–
दरअसल सांस फूलने के साथ सीने में दर्द, चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, दिल की धड़कन तेज होना या पैरों में सूजन जैसे लक्षण भी दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. समय पर जांच और सही इलाज गंभीर जटिलताओं से बचाने में मदद कर सकते हैं.
फिलहाल, इस समस्या से बचाव के लिए नियमित व्यायाम करें, संतुलित आहार लें, धूम्रपान से दूर रहें, वजन नियंत्रित रखें और रक्तचाप, शुगर व कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराते रहें. यदि सांस फूलने की समस्या लगातार बनी रहती है, तो इसे सामान्य कमजोरी या उम्र का असर मानकर नजरअंदाज न करें. समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना ही स्वस्थ जीवन की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है.


















